समयावधि अंकित पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने दिए निर्देश
हरदा : कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने सोमवार को समयावधि अंकित पत्रों की समीक्षा बैठक में जिले में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों के आसपास कहीं भी कचरा दिखाई नहीं देना चाहिए। ग्राम पंचायतों में गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्र करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा कचरे के उचित निष्पादन पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।
कलेक्टर जैन ने नगरीय निकायों एवं ग्राम पंचायतों में स्वच्छता कर की वसूली पर भी जोर देते हुए कहा कि स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी एवं सतत बनाए रखने के लिए स्वच्छता कर की नियमित वसूली जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को स्वच्छता व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने खराब एवं क्षतिग्रस्त सड़कों की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यकतानुसार शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो। वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए सड़कों की स्थिति पर विशेष निगरानी रखने को भी कहा।
पोषण प्रहरी अभियान की भी समीक्षा
बैठक में पोषण प्रहरी अभियान की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री जैन ने अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को अभियान के उद्देश्यों के अनुरूप प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पोषण से जुड़े कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग तथा पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर विशेष ध्यान देने को कहा।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का संतुष्टि पूर्ण निराकरण करें
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के साथ शिकायतकर्ता की संतुष्टि को भी प्राथमिकता दी जाए।
उन्होंने कहा कि शिकायतों के निराकरण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें और अनावश्यक रूप से शिकायतों को लंबित न रखें। बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंजली जोसेफ, अपर कलेक्टर पुरुषोत्तम कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

