बैतूल। जिले के आठनेर थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। लंबे समय से चल रही अवैध शराब तस्करी की शिकायतों के आधार पर पुलिस ने एक ट्रक को पकड़ा, जिसमें भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब भरी हुई थी। ट्रक आठनेर थाने के पास खड़ा पाया गया, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
जूस सेंटर की आड़ में चल रही थी तस्करी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजा साहू नामक व्यक्ति लंबे समय से जूस सेंटर की दुकान के नाम पर शराब की अवैध तस्करी में संलिप्त था। बताया गया कि ट्रक क्रमांक एमपी 13 जीबी 5573 में करीब 190 पेटी अंग्रेजी शराब भरी थी। इनमें बियर और अन्य महंगे विदेशी ब्रांड की शराब भी शामिल थी, जिसे आशापुर (खंडवा) से लाया गयाथा।
पानी की बोतलों की आड़ में छिपाई गई थी शराब
पुलिस को जब मुखबिर से सूचना मिली कि थाने के पास एक संदिग्ध ट्रक खड़ा है, तब टीम मौके पर पहुंची। शुरू में ट्रक के पीछे की ओर पानी की बोतलों की पैकिंग दिखाई दी, लेकिन जब गहन जांच की गई तो उसके नीचे से अंग्रेजी शराब की पेटियां बरामद हुईं।
ड्राइवर और ट्रक मालिक हिरासत में
पुलिस ने मौके से ही ट्रक और उसके ड्राइवर को हिरासत में ले लिया। इसके बाद ट्रक को पुलिस ग्राउंड में लाकर खाली करवाया गया और पूरी शराब की खेप जब्त की गई। अब पुलिस ने ट्रक मालिक राजा साहू को थाने बुलाकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस जांच जारी
आठनेर पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई अवैध शराब कारोबार पर लगाम लगाने के प्रयासों का हिस्सा है। फिलहाल तस्करी के नेटवर्क की जांच जारी है और जल्द ही इसके अन्य सहयोगियों तक पहुंचने के लिए टीम काम कर रही है।

