फॉर्च्यून ब्रांड की नकल कर बेचा जा रहा था तेल, दो दुकानों पर छापा
500 से अधिक पेटियां जब्त, पैकिंग इतनी सटीक कि पहचान मुश्किल
मकड़ाई एक्सप्रेस 24अयोध्या ।विगत कुछ दिनो से खाद्य विभाग को मिलावटी तेल की मार्केट मे बिकने की खबर मिल रही थी। इसी को लेकर विगत दिनो छापामार कार्यवाही की गई। शहर में पुलिस और फॉर्च्यून ब्रांड की कंपनी के प्रतिनिधियों की संयुक्त कार्रवाई में नकली रिफाइंड सोयाबीन तेल का बड़ा जखीरा पकड़ा गया है। छापेमारी में करीब 500 से ज्यादा पेटियां और लगभग 2980 पैकेट नकली तेल बरामद किए गए हैं। इन पैकेटों की डिजाइन और प्रिंटिंग इतनी सटीक थी कि पहली नजर में असली-नकली का फर्क करना मुश्किल था।
दो जगहों पर हुई छापेमारी, फैक्ट्री सील
पुलिस ने कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के बेनीगंज परिक्रमा मार्ग स्थित एक किराना दुकान और वजीरगंज के एक गोदाम पर छापा मारा। बेनीगंज से 78 पैकेट और वजीरगंज से 149 कार्टून में 2980 पैकेट नकली तेल मिला। मौके पर फैक्ट्री को सील कर दिया गया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
कैसे चल रहा था रैकेट
जानकारी के अनुसार बृजेश कुमार अग्रवाल और मनोज कुमार गुप्ता इस कारोबार को चला रहे थे। दुकानदार ने सस्ते दाम पर माल खरीदने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने कॉपीराइट एक्ट, ट्रेडमार्क अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में केस दर्ज किया है।
प्रशासन ने दी सतर्क रहने की सलाह
खाद्य सुरक्षा विभाग ने संबंधित दुकानों के लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई शुरू कर दी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य स्थानों की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि नकली खाद्य तेल सेहत के लिए खतरनाक हो सकता है, इसलिए उपभोक्ताओं को ब्रांडेड सामान खरीदते समय सतर्क रहने की जरूरत है। अगर किसी प्रकार से संदिग्ध सामग्री प्राप्त हो इसकी जानकारी तुरंत दे।।

