हरदा में बदले मौसम से बढ़ा मच्छरों का प्रकोप, डेंगू-मलेरिया का बढ़ा खतरा,स्थानीय प्रशासन से साफ-सफाई और दवा छिड़काव की मांग
हरदा। मौसम में लगातार बदलाव और बारिश के बाद शहर और ग्रामीण इलाकों में मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ गया है। खाली प्लाटों में जमा गंदा पानी और अवरुद्ध नालियां डेंगू-मलेरिया जैसी बीमारियों को न्योता दे रही हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
शहर में गंदगी और रुके पानी से बढ़ी परेशानी
हरदा शहर की कई कॉलोनियों में गंदे पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण खाली प्लाटों में बारिश का पानी जमा हो रहा है। साथ ही नालियों में कचरा और मिट्टी जमा होने से पानी ओवरफ्लो होकर सड़कों पर बह रहा है।
गंदे पानी और कीचड़ के कारण इन जगहों पर मच्छर तेजी से पनप रहे हैं। आसपास बदबू फैलने से स्थानीय निवासियों में बीमार होने का डर बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर प्रशासन और मलेरिया विभाग की ओर से अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। न तो फॉगिंग और दवा का छिड़काव हो रहा है, न ही सफाई अभियान चलाया जा रहा है और न ही लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
लोगों ने मांग की है कि खाली प्लाटों की सफाई कराई जाए, नालियों की निकासी दुरुस्त की जाए और शहर में नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था बनाई जाए ताकि डेंगू-मलेरिया जैसी बीमारियां फैलने से पहले ही रोकी जा सकें।
करताना क्षेत्र में भी बढ़े सर्दी-बुखार के मरीज
इधर करताना क्षेत्र में भी बदलते मौसम का असर स्वास्थ्य पर दिख रहा है। बारिश के बाद जगह-जगह पानी जमा होने से मच्छरों की संख्या बढ़ी है, जिससे डेंगू और मलेरिया का खतरा बढ़ गया है। इसके साथ ही सर्दी, खांसी और बुखार के मरीजों की संख्या में भी इजाफा हुआ है।
डॉक्टरों की सलाह: पानी जमा न होने दें
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नौसर के प्रभारी डॉ. केसर सिंह ने बताया कि इस समय गर्मी और उमस के कारण वायरल और मौसमी बीमारियां बढ़ रही हैं। रोजाना स्वास्थ्य केंद्र में सर्दी-खांसी-बुखार के मरीज आ रहे हैं।
उन्होंने बचाव के लिए जरूरी टिप्स दिए। घर के आसपास पानी जमा न होने दें। कूलर, टंकी, ड्रम और गमलों को हर हफ्ते साफ करें और पानी बदलें। साफ पानी में भी मच्छर पनप सकते हैं, इसलिए बर्तनों को ढककर रखें।
डॉ. सिंह ने कहा कि बुखार आने पर लापरवाही न बरतें। तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र जाकर जांच और उपचार कराएं। डेंगू-मलेरिया से बचाव के लिए अभी से सावधानी बरतना जरूरी है।
प्रशासन से अपील
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि शहर और गांव दोनों जगह फॉगिंग, दवा छिड़काव और साफ-सफाई अभियान तुरंत शुरू किया जाए, ताकि बीमारियों को फैलने से रोका जा सके।

