हरदा : कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने मंगलवार को जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित ‘जनसुनवाई’ कार्यक्रम में आए नागरिकों की समस्याएं सुनी और उपस्थित अधिकारियों को नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर अनुपमा चौहान, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत नरोत्तम भार्गव,डिप्टी कलेक्टर श्वेता बम्होरे एवं असवनराम चिरामन सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित थे।
जनसुनवाई में ग्राम जिजगांव खुर्द निवासी कैलाश पिता जागेश्वर ने दिव्यांगता प्रमाण-पत्र बनवाने के संबंध में आवेदन दिया, जिस पर उप संचालक सामाजिक न्याय विभाग को आवेदक की पात्रता का परिक्षण कर पात्रता अनुसार दिव्यांगता प्रमाण-पत्र बनवाने के निर्देश दिये।
ग्राम मगरधा निवासी नरेन्द्र गौर ने अपनी कृषि भूमि से अतिक्रमण हटवाने के संबंध में आवेदन दिया, जिस पर तहसीलदार हरदा को आवेदक की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये गये। हरदा निवासी शरीफ खां ने जनसुनवाई में आवेदन देकर अपनी पुट्टी मशीन व ग्लेण्डर मशीन का किराया भुगतान कराने तथा मशीन वापस दिलाने के संबंध में आवेदन दिया, जिस पर श्रम पदाधिकारी हरदा को आवेदक की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये गये।
हरदा निवासी ओमप्रकाश शर्मा व अनिल मालवीया ने विद्युत बिल अधिक आने के संबंध में शिकायत की, जिस पर विद्युत वितरण कम्पनी के अधिकारी को आवेदकों की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये गये।
जनसुनवाई में हरदा निवासी कृष्ण कुमार बांके ने ग्राम पंचायत छीपानेर में लगाये गये सीसी टीवी कैमरे का भुगतान न होने के संबंध में शिकायत की, जिस पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत टिमरनी को आवेदक की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये गये। ग्राम ढेगाढाना निवासी बच्चू यादव ने गांव में हेण्डपम्प लगवाने हेतु आवेदन दिया,
जिस पर कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी को ग्रामीणों की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये गये। जनसुनवाई में सेवा निवृत्त शिक्षक तुलसीराम अहिरवार ने सेवा निवृत्ति उपरान्त मिलने वाली राशि का भुगतान न होने के संबंध में शिकायत की, जिस पर जिला शिक्षा अधिकारी को प्रकरण की जांच कर आवेदक की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये गये।

