भोपाल। नगर निगम की 14वीं परिषद बैठक गुरुवार को आईएसबीटी स्थित निगम कार्यालय में हुई। प्रश्नकाल के दौरान विपक्ष ने बस सेवा, उद्यानिकी खरीदी, समग्र आईडी से नाम काटने, पार्षद निधि और स्वच्छता सर्वेक्षण जैसे मुद्दों पर शहर सरकार को घेरा। हमीदउल्ला के मुद्दे पर हंगामा भी हुआ।
लंच ब्रेक के बाद भोपाल नगर निगम की बैठक में भारत सरकार की ईएमसी 2.0 बांदीखेड़ी जलापूर्ति योजना का प्रस्ताव पेश किया गया। एमआईसी मेंबर रविंद्र यती ने यह प्रस्ताव सदन में रखा। भाजपा पार्षदों ने इसे मंजूरी दी, जबकि कांग्रेस पार्षदों ने आपत्ति जताई। कांग्रेस पार्षद योगेंद्र सिंह गुड्डू चौहान ने कहा कि जब शहर में ही कई इलाकों में पानी की समस्या है, तो शहर से बाहर जल आपूर्ति का प्रोजेक्ट लाना उचित नहीं है। वहीं नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी ने प्रस्ताव को आधा-अधूरा बताते हुए पूछा कि जब जमीन का आवंटन ही नहीं हुआ, तो इतनी जल्दबाजी क्यों की जा रही है। हालांकि कांग्रेस की आपत्ति के बावजूद बहुमत से प्रस्ताव पास कर दिया।
उद्यानिकी कोटेशन पर बीजेपी ने भी आपत्ति ली-प्रश्नकाल में कांग्रेस पार्षद शमीम ने उद्यानिकी विभाग की खरीदी को लेकर सवाल उठाया। एमआईसी मेंबर अशोक वाणी ने जानकारी दी, लेकिन कांग्रेस पार्षद की लगातार रोक-टोक पर बीजेपी पार्षदों ने आपत्ति जताई। वाणी ने बताया कि फरवरी में हुई ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट से अब तक उद्यानिकी से जुड़े काम कोटेशन के आधार पर कराए गए हैं। अध्यक्ष सूर्यवंशी ने कहा कि यदि जानकारी अधूरी रह गई हो, तो इसे लिखित रूप में दिया जाएगा।
इसके बाद अध्यक्ष सूर्यवंशी ने लिखित में जवाब देने के निर्देश दिए। इस बीच कोटेशन के आधार पर काम करवाए जाने की बात एमआईसी मेंबर वाणी ने कही। इस पर बीजेपी पार्षद सुरेंद्र बाड़िका, पप्पू विलास घाड़गे ने भी आपत्ति ली। कहा कि पार्षदों के छोटे काम हो तो टेंडर निकाले जाते हैं, लेकिन उद्यानिकी विभाग के कामों को कोटेशन के आधार पर किया गया। यह तो दोहरा रवैया है।
शहर में चल रही सिर्फ 60 सिटी बसें-कांग्रेस पार्षद गुड्डू चौहान ने बीसीएलएल की शहर में चल रही वर्तमान बसों और भविष्य में नई बसें चलाने की योजना के बारे में पूछा। एमआईसी मेंबर मनोज राठौर ने बताया कि वर्तमान में केवल 60 बसें ही संचालित हो रही हैं। पहले शहर में 368 बसें चलती थीं और रोजाना एक से डेढ़ लाख यात्री सफर करते थे, जबकि अब 10-15 हजार ही यात्रा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नई इलेक्ट्रिक बसें जल्द ही आएंगी।

