इंदौर। सोशल मीडिया पर डांस कर ‘वर्ल्ड फेमस’ हुए ट्रैफिक कॉप रणजीत सिंह की चमक अब फीकी पड़ गई है। चर्चा है कि इंदौर में पदस्थ रणजीत को विभाग ने लाइन अटैच कर दिया है। दरअसल, एक युवती ने रणजीत सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट डाली। पोस्ट में युवती ने सबूतों सहित दावा किया कि रणजीत ने उसे होटल में ठहराने और फ्लाइट का टिकट दिलाने का प्रलोभन दिया।
आरोपों के बाद रणजीत ने कवर करने की कोशिश में सोशल मीडिया पर वीडियो जारी किया, लेकिन वहां उनके पास सफाई के अलावा कोई ठोस सबूत नहीं था। विभाग ने मामला गंभीर मानते हुए तत्काल कार्रवाई की और उन्हें लाइन अटैच कर दिया। कभी डांस मूव्स से जनता का दिल जीतने वाले रणजीत, अब सवालों के घेरे में हैं। मामला अब विभागीय जांच में है और आगे की कार्रवाई इसी पर निर्भर करेगी।
फ्लाइट टिकट और ठहरने का ऑफर
वीडियो में राधिका ने कहा की रंजीत सिंह ने मुझसे दोस्ती करने और इंदौर आने का के लिए कहा। यहां तक कि उन्होंने फ्लाइट टिकट और ठहरने की व्यवस्था करने की बात भी कही। यह सब सुनकर मुझे अच्छा नहीं लगा और मैंने साफ मना कर दिया। मुझे किसी से इस तरह की दोस्ती नहीं चाहिए। वह अपनी हद में रहें।
रंजीत सिंह साइबर क्राइम में करेंगे शिकायत
आरोपों के बीच ट्रैफिक हवलदार रंजीत सिंह ने अपनी सफाई में कहा कि पिछले कुछ घंटों से वह परेशान हैं, क्योंकि लगातार वीडियो और वॉयस कॉल्स आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि लगभग डेढ़ साल पहले एक युवती ने खुद को उनका सबसे बड़ा फैन बताते हुए उनसे लाइव ड्यूटी देखने की इच्छा जताई थी। इस पर उन्होंने मजाक में कहा था कि अगर वह इंदौर आना चाहती हैं तो वह फ्लाइट और होटल की व्यवस्था कर देंगे, ताकि वह उन्हें लाइव ड्यूटी करते देख सकें। रंजीत का कहना है कि इस बातचीत को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है, जबकि उनका युवती से कोई व्यक्तिगत परिचय नहीं है और न ही कभी मुलाकात हुई है।

