एमपी में MSP पर गेहूँ खरीदी की तारीखें तय— इंदौर-उज्जैन-भोपाल-नर्मदापुरम में 10 अप्रैल से, शेष संभागों में 15 अप्रैल से शुरू होगी खरीदी
के के यदुवंशी
सिवनी मालवा। मध्य प्रदेश शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने रबी विपणन वर्ष 2026-27 में न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर गेहूँ उपार्जन के लिए संशोधित कार्यक्रम जारी कर दिया है।
विभाग के उप सचिव बी. के. चंदेल द्वारा 30 मार्च को जारी आदेश (क्रमांक FCS/0038/2026-Proc-DFCSCP/666) में स्पष्ट किया गया है कि इंदौर, उज्जैन, भोपाल और नर्मदापुरम संभागों में गेहूँ खरीदी 10 अप्रैल 2026 से शुरू होगी, जबकि शेष सभी संभागों में खरीदी 15 अप्रैल 2026 से की जाएगी।
आदेश म.प्र. स्टेट सिविल सप्लाईज कॉर्पोरेशन, मध्य प्रदेश वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स कॉर्पोरेशन और प्रदेश के समस्त कलेक्टरों को भेजा गया है, जिसमें SOP के अनुसार कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश हैं। यह संशोधन विभाग के 6 मार्च और 12 मार्च के पूर्व पत्रों के संदर्भ में किया गया है।
केंद्र सरकार ने रबी 2026-27 के लिए गेहूँ का MSP 2,585 प्रति क्विंटल तय किया है, जबकि राज्य में किसान पंजीयन 7 फरवरी से 7 मार्च 2026 तक कराया गया था। नए शेड्यूल के तहत चार प्रमुख संभागों में खरीदी पहले चरण में और बाकी जिलों में दूसरे चरण में शुरू होगी।

