हंडिया। वन परिक्षेत्र हंडिया की खरदना बीट में रविवार को एक वन चौकीदार का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान आनंद सिंह पिता जलाल, जाति कोरकू, निवासी खरदना के रूप में हुई है। उनकी उम्र करीब 60 वर्ष बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार आनंद सिंह रातातलाई और खरदना के बीच स्थित वन क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात थे। मृतक के बड़े बेटे के मुताबिक, सुबह करीब 10:30 बजे उनके पिता ने साथी चौकीदार को फोन कर पानी लाने के लिए कहा था। साथी चौकीदार जब पानी लेकर मौके पर पहुंचा तो आनंद सिंह मृत अवस्था में मिले।
घटना की सूचना मिलने के बाद कोटवार संजय चौहान ने पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही हंडिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक के भतीजे ने आरोप लगाया कि वन विभाग की ओर से शव को अस्पताल ले जाने के लिए कोई मदद उपलब्ध नहीं कराई गई, जबकि पुलिस विभाग द्वारा वाहन की व्यवस्था की गई।
वहीं, वन विभाग के नाकेदार ने बताया कि घटना की सूचना वरिष्ठ वन अधिकारियों को दे दी गई है। उन्होंने बताया कि मृतक को बीपी की शिकायत होने की जानकारी थी।
फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। हंडिया पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

