हरदा। कोलवा गांव में 24 अगस्त 2026 की रात करीब 8 बजे 48 वर्षीय परमानंद पिता हरनाथ की हत्या के मामले में नया मोड़ सामने आया है। जाट समाज जिला हरदा के अध्यक्ष ने कलेक्टर के नाम तहसीलदार हरदा महेंद्र चौहान को आवेदन सौंपकर दिलीप पिता कमल को भी मामले में आरोपी बनाए जाने और मुख्य आरोपी कमल के मकान को हटाने की मांग की है।
आवेदन में कहा गया है कि हत्या के मामले में सिटी कोतवाली हरदा पुलिस ने कमल, हरिओम और अक्षय को गिरफ्तार किया है। आवेदनकर्ता का दावा है कि दिलीप भी घटना में शामिल था और ग्रामीणों ने उसे घटनास्थल के आसपास देखा था। आवेदन के अनुसार, घटना से पहले दिलीप मृतक परमानंद को बुलाने आया था तथा घटना के समय चारों आरोपियों की मौजूदगी घटनास्थल के आसपास बताई गई है।
आवेदन में कमल पर पूर्व में भी आपराधिक मामलों में शामिल होने का आरोप लगाया गया है। वहीं, कमल द्वारा शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर मकान बनाए जाने का भी आरोप लगाया गया है। आवेदनकर्ता का कहना है कि गांव में उसके रहने से लोगों में भय का माहौल है।
जाट समाज के जिला अध्यक्ष ने कलेक्टर से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दिलीप की भूमिका की भी जांच की जाए और दोषी पाए जाने पर उसे आरोपी बनाया जाए। साथ ही कमल के मकान की भूमि संबंधी जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

