हरदा। पटाखों के सुरक्षित भंडारण एवं बिक्री को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। गुरुवार सुबह प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने मगरधा रोड स्थित 2 पटाखा दुकानें सील की । मिली जानकारी में एक दिन पहले टीम निरीक्षण के लिए रहटा खुर्द पहुंची थी।
निरीक्षण के दौरान नियमों के पालन में लापरवाही फायर सेफ्टी का अभाव तथा सीसीटीवी बैकअप नहीं पाए जाने पर व अन्य कमियां पाए जाने पर प्रशासन ने दो प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें सील कर दिया।
प्रशासन की इस कार्रवाई में एमएच फायर वर्क्स और बाबा फायर वर्क्स को सील किया गया। कार्रवाई के दौरान एसडीएम शैलेंद्र बड़ोनिया और एसडीओपी शालिनी परस्ते सहित पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारी, सेल टैक्स अधिकारी, पीडब्ल्यूडी के अधिकारी और राजस्व पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
पटाखों की बिक्री और भंडारण में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह निरीक्षण किया गया। एमएच फायर वर्क्स के संचालक मोहसिन खान वल्द सरफराज खान हैं । वहीं बाबा फायर वर्क्स के संचालक उम्रदराज़ खान हैं।
■ जिले में चल रही कार्रवाई
इसके पहले पुलिस प्रशासन ने सिंधी कालोनी, हरदा और ग्राम रन्हाई में रिहाइशी क्षेत्र से पटाखे का बड़ा स्टॉक जब्त किया था। जिसका विवरण उपलब्ध नहीं हुआ। गत दिवस टिमरनी तहसील में भी पटाखे का अवैध भंडारण मिला जिसे जब्त कर कार्रवाई की गई। टिमरनी एसडीएम असवनराम चिरावन के नेतृत्व में दो अलग अलग रिहाइशी जगह से 2-2 लाख के पटाखे जब्त किए।
देखिए वीडियो में
मालूम हो , 6 फरवरी 2024 को बैरागढ़ ग्राम पंचायत में पटाखा फेक्ट्री में ब्लास्ट से करीब एक दर्जन की मौत तथा सैकड़ों घायल व बेघरबार हो गए थे। ब्लास्ट पीड़ित 2 वर्ष बाद भी अभी मुआवजा राशि और इलाज को लेकर परेशान हैं। मंगलवार को जन सुनवाई के दौरान नवागत कलेक्टर कुमार सत्यम ने ब्लास्ट पीड़ितों से भेंट की। इस दौरान बमस्त पीड़ितों ने अपनी समस्याओं से अवगत कराया।
■ इनका कहना है –
आज रहटा खुर्द के एमएच फायर वर्क्स बाबा फायर वर्क्स पर सहयोगी अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। कल भी इनसे दस्तावेज मांगे थे। आज यहां फायर सेफ्टी का अभाव , बिजली मीटर अंदर होने, वायर खुले होने, यहीं पीछे पालतू पशुओं का बाड़ा होने , सीसीटीवी का बैकअप न होने आदि कमियों को देखते हुए दोनों जगह सील की हैं। जांच प्रतिवेदन कलेक्टर महोदय को प्रेषित करेंगे। आगे की कार्रवाई होगी।
– शैलेन्द्र बड़ोनिया, एसडीएम हरदा

