हरदा । कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन के निर्देश एवं जिला आबकारी अधिकारी श्री सुनील भोजने के मार्गदर्शन में हरदा जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, विक्रय, संग्रहण एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 9 एवं 10 जुलाई की सुबह की गई दबिश कार्रवाई में आबकारी विभाग ने 10 प्रकरण दर्ज करते हुए बड़ी मात्रा में अवैध शराब और महुआ लाहन जब्त किया।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी ए.एस. बघेल के नेतृत्व में विभागीय टीम ने टंकी मोहल्ला, खेड़ीपुरा, बंगाली कॉलोनी (हरदा), ग्राम गोंदागांवखुर्द, रायबोर, भादुगांव एवं पोखरनी सहित विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान 24 लीटर हाथ भट्टी कच्ची महुआ शराब, 11 पाव देशी प्लेन शराब तथा 575 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया गया।
जब्त सामग्री के संबंध में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1)(क) एवं (च) के तहत कुल 10 प्रकरण दर्ज किए गए। इसके अलावा एक खाली तलाशी दर्ज की गई। जब्त सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य 63,136 रुपये बताया गया है।
कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी अमर सिंह बघेल, आबकारी उपनिरीक्षक दीपिका वाईकर, पुनम मानकर, आबकारी आरक्षकों एवं नगर सैनिकों का विशेष योगदान रहा। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के विरुद्ध यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

