नर्मदापुरम। रेत खदान से रेत चोरी कर ट्रैक्टर-ट्रॉली से ले जा रहे लोगों को रोकना एक रेत कंपनी के कर्मचारी को महंगा पड़ गया। आरोपियों ने कर्मचारी के साथ बेरहमी से मारपीट की और उसकी कार में ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर मार दी। हमले में कर्मचारी के पैर सहित शरीर में कई जगह चोट आई है, उसका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।
6 आरोपियों ने दो जगह पीटा, हत्या के प्रयास का केस दर्ज
देहात थाने से मिली जानकारी के अनुसार फरियादी अभिमन्यु सिंह के साथ आरोपी मोहित पासी, गोविंद गौर, चंदू पासी, गोलू बरुआ, आकाश कुमार और कलवा ने मारपीट की है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी लोग रायपुर तरफ से रेत खदान से रेत निकालकर पहाड़ी तरफ जा रहे थे। कर्मचारी ने उन्हें रोका तो पहले चक्कर रोड के पास मारपीट की गई। इसके बाद बहूर्सिंग बोर्ड पुरिया के पास फिर से घेरकर पीटा गया।
आरोपियों ने डंडे, लात, घूंसे और थप्पड़ से मारकर उसे लहूलुहान कर दिया और उसकी कार में ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर मार दी। जैसे-तैसे जान बचाकर वह भागा।
पुलिस ने 6 आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश की जा रही है।

