हंडिया।सोमवार को कार्तिक अमावस्या के पावन अवसर पर हंडिया में दीपावली का पर्व बड़ी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही श्रद्धालु मां नर्मदा के पवित्र तट पर स्नान करने पहुंचे। भक्तों की अटूट आस्था और विश्वास ऐसा कि ठंडे मौसम की परवाह किए बिना उन्होंने पुण्य स्नान किया।
रोशनी के इस महापर्व पर तहसील मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक रौनक का माहौल बना रहा। नगर की गलियां, मंदिर, चौक और घर रंग-बिरंगी झालरों से सजे हुए थे। मिट्टी के दीपक भी अपनी पारंपरिक चमक से झालरों के बीच अपनी अलग पहचान बनाए हुए थे।
शाम को विशेष पूजन-अर्चन के बाद घरों के बाहर दीप जलाए गए। माताओं और बहनों ने आंगनों में रंग-बिरंगी रंगोली बनाकर मां लक्ष्मी और भगवान गणेश का स्वागत किया। लोगों ने एक-दूसरे को घर जाकर व सोशल मीडिया के माध्यम से दीपावली की शुभकामनाएं दीं और मिठाइयां बांटकर खुशियां साझा कीं।

