9 ड्रम और 69 कनस्तर जब्त, संचालक हिरासत में
संयुक्त टीम ने की छापेमारी
मकड़ाई एक्सप्रेस 24खंडवा।शहर के इमलीपुरा स्थित बेगम पार्क के पास जिला प्रशासन ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए अवैध घी कारोबार का खुलासा किया है। सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर, तहसीलदार महेश सोलंकी, नगर निगम उपायुक्त सचिन सिटोले और पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने मिलकर दबिश दी।
जानवरों की खाल-हड्डियां मिलीं
छापे के दौरान दो अलग-अलग मकानों से बोरियों में भरी जानवरों की खाल और हड्डियां मिलीं। साथ ही ड्रम और कनस्तरों में चर्बी युक्त घी भी बरामद किया गया। मौके पर मौजूद संचालक अनवर कुरैशी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
बड़ी मात्रा में संदिग्ध सामग्री जब्त
प्रशासन ने कुल 9 ड्रम और 69 कनस्तर चर्बी युक्त घी जब्त किया है। आरोपी ने 2023 का ट्रेड लाइसेंस दिखाकर अपशिष्ट रखने की अनुमति होने का दावा किया, लेकिन बरामद सामग्री को देखते हुए मामला संदिग्ध माना जा रहा है। जब्त सैंपल जांच के लिए पशु चिकित्सा विभाग को भेजे गए हैं।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में इस तरह की अवैध गतिविधि की शिकायत लंबे समय से की जा रही थी। कुछ साल पहले भी इसी क्षेत्र में चर्बी से घी बनाने की फैक्ट्री पकड़ी गई थी।
आगे की जांच जारी
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय विधायक भी मौके पर पहुंचीं और अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ली। प्रशासन ने कहा है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

