गंदगी और जलभराव से मच्छरों का प्रकोप बढ़ने की आशंका; स्वास्थ्य विभाग की टीम ने किया निरीक्षण
के के यदुवंशी सिवनी मालवा। विकासखंड के ग्राम भिलाड़िया कलां में डेंगू के मामले सामने आने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। मौसम में बदलाव के साथ गांव में डेंगू का प्रकोप बढ़ने की जानकारी सामने आई है। ग्रामीणों के अनुसार अब तक दर्जनों लोग डेंगू की चपेट में आ चुके हैं। कई मरीज जिला अस्पताल नर्मदापुरम सहित महानगरों में उपचार करा रहे हैं। कुछ मरीज स्वस्थ होकर घर लौट आए हैं, जबकि अन्य का इलाज जारी है।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में नियमित साफ-सफाई, दवाओं के छिड़काव और फॉगिंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। गांव में जगह-जगह गंदगी फैली हुई है। नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है और कई स्थानों पर पानी जमा है। ग्रामीणों का कहना है कि जलभराव के कारण डेंगू फैलाने वाले मच्छरों के पनपने की आशंका बढ़ गई है।
मामले की जानकारी मिलने पर एसडीएम विजय राय के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव का निरीक्षण किया। टीम ने उप स्वास्थ्य केंद्र भिलाड़िया कलां में मौजूद स्टाफ और आशा कार्यकर्ताओं को घर-घर सर्वे करने, लोगों को डेंगू से बचाव के प्रति जागरूक करने तथा बुखार से पीड़ित मरीजों की जांच कराने के निर्देश दिए। इस दौरान गांव में डेंगू से बचाव संबंधी पोस्टर भी चस्पा किए गए।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव में नियमित फॉगिंग कराई जाए, मच्छररोधी दवाओं का छिड़काव किया जाए तथा नालियों की साफ-सफाई और जलभराव की समस्या का तत्काल निराकरण किया जाए, ताकि डेंगू के बढ़ते खतरे पर नियंत्रण पाया जा सके।
एसडीएम ने कही यह बात
एसडीएम विजय राय ने बताया कि ग्राम भिलाड़िया कलां में कुछ लोगों को डेंगू होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम को गांव भेजा गया है। पिछले एक सप्ताह से गांव में लगातार दवाओं का छिड़काव कराया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर जांच कर रही है तथा बीमार व्यक्तियों की सूची तैयार कर उनका उपचार कराया जा रहा है। कुछ लोग जिले में इलाज करा रहे थे, जो अब स्वस्थ हो गए हैं।

