कृषि विज्ञान केन्द्र हरदा में हुआ लाइव प्रसारण
हरदा : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार 30 अक्टूबर 2026 को गुजरात के बनासकांठा से देशभर के किसानों को सौगात देते हुए डिजिटल माध्यम से पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी की। इस किस्त के तहत देश के 9.34 करोड़ से अधिक किसान परिवारों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से 18,690 करोड़ रुपये से अधिक की सम्मान राशि सीधे हस्तांतरित की गई।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री द्वारा कृषि क्षेत्र को आधुनिक और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से 2,692 करोड़ रुपये से अधिक की कृषि एवं विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया गया,
जिसमें एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड के तहत 521 आधुनिक कृषि अवसंरचना इकाइयां, उच्च मूल्य वाली फसलों को बढ़ावा देने के लिए 12 एक्सपोर्ट-ओरिएंटेड हॉर्टिकल्चर क्लस्टर्स तथा पशुपालन को वैज्ञानिक गति देने के लिए 125 एकड़ में तैयार अत्याधुनिक भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर और आईवीएफ लैब का लोकार्पण शामिल है।
इस राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कृषि विज्ञान केंद्र, हरदा में किया गया, जिसमें केवीके की वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. संध्या मुरे, केन्द्र के सभी वैज्ञानिक, ग्रामीण कृषि कार्य अनुभव कार्यक्रम के तहत अध्ययनरत कृषि स्नातक के छात्र-छात्राएं एवं क्षेत्र के प्रगतिशील किसान बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान डॉ. संध्या मुरे ने उपस्थित किसानों व छात्रों को केंद्र सरकार की योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने और आधुनिक कृषि तकनीकों, मृदा स्वास्थ्य संवर्धन व वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।

