हरदा : मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशन तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश व अध्यक्ष श्री अरविंद रघुवंशी के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरदा द्वारा विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के तहत शुक्रवार को शिवम प्रायवेट लिमिटेड, इंडस्ट्रीज एरिया, हरदा़ में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में उपस्थित न्यायाधीश व सचिव श्री चंद्रशेखर राठौर ने बताया कि विश्व बाल श्रम निषेध दिवस का मुख्य उद्देश्य बाल श्रम को समाज से पूरी तरह मिटाकर हर बच्चे को शिक्षा और सुरक्षित बचपन प्रदान करना है। बाल श्रम न केवल बच्चों के बचपन को छीनता है, बल्कि यह हमारे राष्ट्र की प्रगति में भी एक बड़ी बाधा है।
प्रत्येक बच्चे को गरिमापूर्ण जीवन जीने, शिक्षा प्राप्त करने और अपने सपनों को पूरा करने का कानूनी और मौलिक अधिकार है। बाल एवं किशोर श्रम (निषेध एवं विनियमन) अधिनियम के तहत बाल मजदूरी करवाना एक दंडनीय अपराध है, और उल्लंघन करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि कहीं भी बच्चों से मजदूरी कराई जा रही हो, तो उसकी सूचना तुरंत चाईल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर दें सकते हैं।
इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों के कानूनी अधिकारों, शिक्षा को बढ़ावा देने और बाल यौन शोषण, बाल विवाह, बाल श्रम आदि के बारे में लोगों को शिक्षित करना और बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। बाल श्रम मुक्त समाज के निर्माण के लिए समाज के हर वर्ग का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि हम अपने आसपास किसी भी बच्चे को मजदूरी नहीं करने देंगे और उन्हें एक बेहतर कल देने में अपना योगदान देंगे।
शिविर में उपस्थित श्रमिकों को बताया गया कि वे किस प्रकार विधिक सहायता प्राप्त कर सकते है। उन्हें बताया गया कि नियमानुसार विधिक सहायता प्राप्त करने हेतु संबंधित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, तहसील विधिक सेवा समिति में उपस्थित होकर आवेदन प्रस्तुत किया जा सकता है अथवा डाक के माध्यम से विधिक सहायता का आवेदन संबंधित विधिक सेवा संस्थान को प्रेषित किया जा सकता है।
साथ ही विधिक सहायता व सलाह के लिए नालसा टोल फ्री नंबर 15100 पर भी संपर्क किया जा सकता है। उन्होने बताया कि विधिक सहायता व सलाह के लिए ऑनलाईन आवेदन नालसा पोर्टल पर जाकर किया जा सकता है। शिविर में श्री नटवर पटेल, श्री नवनीतलाल पटेल एवं पैरालीगल वॉलेंटियर ज्योति राजपूत, शैफाली घावरी व प्रीति राठौर उपस्थित रहे।

