भोपाल। भोपाल गैस हादसे की 41वीं बरसी पर 3 दिसंबर को राजधानी में सरकारी अवकाश घोषित किया गया है। शहर के सभी स्कूल और कॉलेज भी बंद रहेंगे, हालांकि बैरसिया सहित ग्रामीण क्षेत्रों में कामकाज सामान्य रहेगा। बरकतउल्ला भवन (सेंट्रल लाइब्रेरी) में सर्वधर्म प्रार्थना सभा आयोजित होगी, जिसमें गैस राहत मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह शामिल होंगे। इस दौरान त्रासदी में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि दी जाएगी और विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु विशेष पाठ करेंगे।
1984 की भयावह रात आज भी यादों में जिंदा
दिसंबर 1984 की वह भयावह रात आज भी भोपाल की यादों में जिंदा है, जब यूनियन कार्बाइड फैक्ट्री से जहरीली मिथाइल आइसोसाइनेट गैस लीक होकर शहर में मौत बनकर फैल गई थी। फैक्ट्री के आसपास के इलाके में हालात ऐसे थे कि सड़कों पर शवों की कतारें लग गईं और चीख-पुकार के बीच लोग एक-दूसरे की आवाज तक सुन नहीं पा रहे थे। घना धुआं इतना था कि अपनों की पहचान भी मुश्किल हो गई थी। किसी ने अपने परिवार के कई सदस्यों को खो दिया, तो किसी की पूरी पीढ़ी इस हादसे की भेंट चढ़ गई।

