भोपाल। मध्य प्रदेश में नवंबर के अंतिम सप्ताह से शुरू हुई सर्दी अब दिसंबर में और कड़ाके की होती जा रही है। प्रदेश में मौसम लगातार करवट ले रहा है और उत्तर भारत की ओर से आने वाली बर्फीली हवाओं ने तापमान में तेज गिरावट शुरू कर दी है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बुधवार को मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन इसके बाद रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।
भोपाल और इंदौर में तापमान 9 डिग्री के नीचे
वर्तमान तापमान की बात करें तो सोमवार और मंगलवार की रातें कई जगहों पर जमाने वाली रही. राजधानी भोपाल और इंदौर में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री से भी नीचे पहुंच गया। पचमढ़ी सबसे ठंडा रहा, जहां पारा 7.2 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया। राजगढ़ में 8.5 डिग्री, नौगांव में 8.6 डिग्री, कल्याणपुर-शाजापुर में 8.7 डिग्री, उमरिया में 9.3 डिग्री, जबकि रीवा में 9.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

