श्रद्धालुओं के लिए मंदिर जाने वाले रास्ते पर बिछाया कारपेट
मकड़ाई एक्सप्रेस 24 देवास। मध्यप्रदेश के देवास में चैत्र नवरात्रि की शुरुआत के साथ ही प्रसिद्ध माता टेकरी पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा है। सुबह करीब 3 बजे से ही बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंचने लगे। गर्मी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं, जिससे दर्शन व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
परिक्रमा पथ पर कारपेट, जगह-जगह प्याऊ की व्यवस्था
नवरात्रि के अवसर पर टेकरी स्थित मां तुलजा भवानी और मां चामुंडा मंदिरों को आकर्षक रूप से सजाया गया है। श्रद्धालुओं को गर्मी से राहत देने के लिए पूरे परिक्रमा पथ पर कारपेट बिछाया गया है। साथ ही, जगह-जगह पेयजल के लिए प्याऊ लगाए गए हैं, ताकि दर्शन के दौरान किसी को असुविधा न हो।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 100 से अधिक CCTV कैमरों से निगरानी
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टेकरी परिसर में 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा, चौबीसों घंटे पुलिस बल की तैनाती की गई है। विभिन्न स्थानों पर दिशा-निर्देश के लिए संकेतक भी लगाए गए हैं, जिससे भक्तों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
कलेक्टर ने परिवार सहित किए दर्शन
चैत्र नवरात्रि के पहले दिन कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने भी परिवार सहित माता टेकरी पहुंचकर पूजा-अर्चना की। उनके साथ अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। हिंदू नववर्ष के इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।

