jhankar
ब्रेकिंग
डोल ग्यारस पर 5 विमान निकले, जगह-जगह ग्रामीणो ने की पुष्प वर्षा सेवा संकल्प अभियान- संकुल स्तरीय प्रतियोगिता में 72 विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर हरदा: साल्याखेड़ी में ट्यूबवेल की चपेट में आया 12 साल का मासूम, करंट लगने से मौत खनन माफिया का कहर ड्यूटी पर तैनात वन रेंजर को डंपर ने 50 मीटर घसीटा हुई दर्दनाक मौत सोनभद्र केस में इलाहाबाद हाईकोर्ट का बड़ा फैसला "सिर्फ धर्म बदलने से ST दर्जा खत्म नहीं होगा" आज कैसा रहेगा मध्य प्रदेश का मौसम आजमगढ़ ट्रिपल मर्डर केस: पूजा को लेकर विवाद में तीन की हत्या, पुलिस मुठभेड़ में आरोपी ढेर आज 23 सितंबर 2026 का सुविचार मुस्लिम धर्मावलम्बी ने डोल ग्यारस झांकियों पर की पुष्पवर्षा Harda big news: सिविल लाइन पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 38.15 ग्राम मादक पदार्थ जब्त ₹11.60 लाख का माल बर...

भोपाल में शराब दुकानों की शिफ्टिंग पर बवाल, लोगों ने जताया विरोध

भोपाल। राजधानी भोपाल में दो शराब दुकानों की शिफ्टिंग को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। कोलार रोड और विजय नगर इलाके में स्थित इन दुकानों के खिलाफ स्थानीय लोग लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। कोलार रोड के मंदाकिनी चौराहे पर दुकान शिफ्ट होने के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और नारेबाजी की. वहीं विजय नगर में महिलाओं ने दुकान के सामने टेंट लगाकर भजन-कीर्तन शुरू कर दिया है। पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन महिलाएं अपनी मांग पर अड़ी हुई हैं कि जब तक दुकान को हटाया नहीं जाता, वे धरने पर बैठी रहेंगी।

प्रशासनिक निर्देश के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई

प्रशासनिक स्तर पर भी इस मामले में कार्रवाई की बात सामने आई है। कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह द्वारा दुकान हटाने के निर्देश दिए जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। विजय नगर की सांईंराम कॉलोनी में स्थित दुकान को हटाने के लिए स्थानीय लोग पिछले एक साल से जनसुनवाई में आवेदन दे रहे हैं, लेकिन उनकी मांग पूरी नहीं हो सकी। प्रदर्शन में महिलाओं के साथ युवा वर्ग की भी सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है।

मंदाकिनी चौराहे पर बढ़ा विवाद

- Install Android App -

कोलार रोड पर स्थिति और संवेदनशील हो गई है, क्योंकि नई शराब दुकान मंदाकिनी चौराहे पर एक जैन मंदिर और रिहायशी इलाके के पास खोल दी गई है। पहले यह दुकान सर्वधर्म क्षेत्र में संचालित हो रही थी। नए स्थान को लेकर लोगों में नाराजगी है और बुधवार रात यहां विरोध प्रदर्शन भी हुआ। गुरुवार को रहवासी कलेक्टर से मिलकर अपनी आपत्ति दर्ज कराने की तैयारी कर रहे हैं।

राजनीतिक रंग भी आया सामने

इस पूरे मामले में राजनीतिक रंग भी देखने को मिल रहा है। कोलार कांग्रेस अध्यक्ष राहुल सिंह राठौड़ ने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर दुकान को तुरंत हटाने की मांग की है। उनका कहना है कि प्रमुख चौराहे और धार्मिक स्थल के पास शराब दुकान खुलने से ट्रैफिक और सामाजिक वातावरण दोनों प्रभावित हो रहे हैं।

नई जगह शिफ्ट करने की मांग

रहवासियों ने सुझाव दिया है कि शराब दुकान को सर्वधर्म पुल के पार बने नए व्यावसायिक क्षेत्र में शिफ्ट किया जाए, जहां इससे किसी रिहायशी इलाके, स्कूल या धार्मिक स्थल पर असर न पड़े। गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों ने बैठक कर यह निर्णय लिया कि वे प्रशासन पर दबाव बनाकर दुकान को उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करवाएंगे।