इंदौर। इंदौर में जिला प्रशासन ने बगैर हेलमेट वालों को पेट्रोल बेचने पर सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। इसी क्रम में आज बुधवार को एक शिकायत के आधार पर जिला प्रशासन की टीम ने खजराना स्थित बीपीसीएल कंपनी के खजराना पेट्रो नीड्स पेट्रोल पंप पर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई अनियमितताएँ पाए जाने के बाद पंप को सील कर दिया गया।
जांच में पाया गया कि पंप संचालक अभय जैन कलेक्टर के आदेशों का उल्लंघन कर बिना हेलमेट वाले दोपहिया वाहन चालकों को लगातार पेट्रोल दे रहे थे। जब जांच टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो पता चला कि पिछले पांच दिनों से ऐसा किया जा रहा था। टीम को एक हेलमेट भी मिला, जिसका इस्तेमाल ग्राहकों को बरगलाने के लिए किया जाता था। इस हेलमेट को भी जब्त कर लिया गया है।
निरीक्षण के दौरान और भी कई कमियां सामने आईं। पेट्रोल पंप पर पीयूसी (प्रदूषण नियंत्रण) केंद्र का संचालन नहीं हो रहा था। साथ ही, पेट्रोल में इथेनॉल की मात्रा की जानकारी भी ग्राहकों के लिए प्रदर्शित नहीं की गई थी। पीने के पानी और गाड़ियों में हवा भरने जैसी बुनियादी सुविधाओं की भी कमी पाई गई। सबसे बड़ी अनियमितता स्टॉक में मिली, जहां निर्धारित सीमा से अधिक पेट्रोल का अंतर पाया गया। इसके बाद, पेट्रोल पंप के भूमिगत टैंक में मौजूद 11,000 लीटर (लगभग 11.66 लाख रुपये) पेट्रोल को जब्त कर लिया गया। उपभोक्ताओं के हित में जिला प्रशासन ने न्यायालय के अगले आदेश तक पेट्रोल पंप को सील कर दिया है। इस कार्रवाई में तहसीलदार सुश्री प्रीति भिसे और खाद्य व राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी शामिल थे।

