7 अगस्त को रास्ते पर अस्थायी अतिक्रमण, 20 अगस्त को बताया अतिक्रमण मुक्त; सचिन तिवारी ने जांच की मांग की,,
हंडिया। ग्राम हंडिया के बस स्टैंड क्षेत्र में शासकीय रास्ते पर कथित अतिक्रमण को लेकर सीएम हेल्पलाइन की दो विभागीय रिपोर्टों ने सवाल खड़े कर दिए हैं। सचिन तिवारी ने कलेक्टर हरदा के नाम अपर कलेक्टर को आवेदन देकर दोनों रिपोर्टों की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
सीएम हेल्पलाइन शिकायत क्रमांक 38457465 के निराकरण में 7 अगस्त की रिपोर्ट में खसरा नंबर 98 के शासकीय रास्ते के दोनों ओर दुकानदारों द्वारा सामग्री रखकर अस्थायी अतिक्रमण किए जाने का उल्लेख किया गया था। वहीं महज 13 दिन बाद 20 अगस्त की रिपोर्ट में उसी रास्ते को पूरी तरह खुला और अतिक्रमण मुक्त बताया गया।
सचिन तिवारी ने सवाल उठाया है कि आखिर 13 दिनों में ऐसा क्या हुआ कि अतिक्रमण भी गायब हो गया और रिपोर्ट भी बदल गई? उन्होंने संबंधित दुकानदारों को जारी सूचना पत्र, मौके के निरीक्षण, पंचनामा एवं अन्य अभिलेखों की जांच कराने की मांग की है।
साथ ही यह स्पष्ट करने का अनुरोध किया गया है कि वास्तविक स्थिति खसरा नंबर 98 के शासकीय रास्ते की थी या खसरा नंबर 89/2 की निजी भूमि की। तिवारी ने सीएम हेल्पलाइन को स्पेशल क्लोज किए जाने से पहले मौके का स्वतंत्र सत्यापन कराने और जांच के निष्कर्ष से शिकायतकर्ता को अवगत कराने की मांग की है।
अब देखना होगा कि 13 दिन में बदली तस्वीर का राज प्रशासन की जांच में खुलता है या फिर फाइलों में ही रास्ता साफ होता रहेगा।

