हरदा में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का प्रदर्शन, पांच सूत्रीय मांगों को लेकर कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन
हरदा। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के बैनर तले बुधवार को सैकड़ों ग्रामीणों ने अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी हरदा कृषि उपज मंडी परिसर से रैली के रूप में कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।
प्रदर्शन के दौरान पार्टी ने आदिवासी हितों, शिक्षा, किसानों, लाड़ली बहना योजना और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी मांगें प्रमुखता से उठाईं। इसके साथ ही स्मार्ट मीटर से आने वाले बिजली बिलों को लेकर भी ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखीं। ग्रामीण क्षेत्रों में बिक रही अवैध शराब को लेकर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव ने प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम भी दिया।
प्रदर्शन के बाद गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की ओर से हरदा कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा गया। पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं का जल्द निराकरण किया जाना चाहिए।
प्रदर्शन में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के युवा अध्यक्ष हरदा करतार सिंह राजपूत, जिलाध्यक्ष मिथुन इवने तथा राष्ट्रीय महासचिव एवं लोकसभा प्रभारी बलवीर सिंह तोमर सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।

