भोपाल। मध्य प्रदेश की राजनीति में 24 फरवरी को बड़ा शक्ति प्रदर्शन देखने को मिल सकता है। कांग्रेस ने राजधानी भोपाल में किसान सम्मेलन आयोजित करने का फैसला किया है, जिसमें राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे शामिल होंगे। इस सम्मेलन को पार्टी आगामी राजनीतिक रणनीति के लिहाज से बेहद अहम मान रही है।
ट्रेड डील के विरोध में सम्मेलन
यह सम्मेलन अमेरिका के साथ संभावित ट्रेड डील के विरोध में आयोजित किया जा रहा है। कांग्रेस का आरोप है कि इस तरह के समझौतों से देश के किसानों, खासकर मक्का और सोयाबीन उत्पादकों को नुकसान हो सकता है। मध्य प्रदेश देश के प्रमुख मक्का और सोयाबीन उत्पादक राज्यों में से एक है, ऐसे में पार्टी इस मुद्दे को बड़े जनआंदोलन के रूप में उठाने की तैयारी में है।
रणनीतिक बैठक के बाद निर्णय
सूत्रों के मुताबिक हाल ही में छह राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों और नेता प्रतिपक्षों की बैठक में यह रणनीति तय की गई कि 24 फरवरी को भोपाल में किसानों के मुद्दे पर व्यापक प्रदर्शन किया जाएगा। इस सम्मेलन में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री और प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे। पार्टी इसे राष्ट्रीय स्तर पर किसान हितों की आवाज बुलंद करने का मंच मान रही है।

