jhankar
ब्रेकिंग
हंडिया थाने में जन्माष्टमी का अनूठा दृश्य, बंदीगृह में मनाई श्री कृष्ण जन्माष्टमी  हरदा विधायक डॉ. दोगने की पहल रंग लाई, केंद्रीय मंत्री गडकरी ने फोरलेन सड़क प्रस्ताव पर कार्यवाही के ... MPPSC में सफलता के बाद सावन बांके बने वन परिक्षेत्र अधिकारी, गुर्जर परिवार ने किया स्वागत-अभिनंदन बिजली चोरी के खिलाफ हरदा जिले में सघन चेकिंग अभियान तक्षशिला विद्या मंदिर में धूमधाम से मनाई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी अधिवक्ता संघ मेरा परिवार है, सहयोग के लिए हमेशा रहूंगी उपलब्ध न्यायाधीश तबस्सुम खान जानिए आज कैसा रहेगा MP का मौसम आज भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव: देशभर में धूमधाम से मन रही है जन्माष्टमी, मंदिरों में गूंज रहे हैं नंद... आज का राशिफल: 4 सितंबर 2026 🌟 जानिए आज क्या कहते है आपके भाग्य के सितारे हरदा में जमीन विवाद को लेकर बवाल, दोनों पक्ष आमने-सामने एक पक्ष की शिकायत पर 8 लोगों के खिलाफ FIR

खिरकिया की जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस का मोर्चा : हरदा विधायक डॉ. दोगने ने दी चेतावनी — एक माह में समाधान नहीं हुआ तो होगा जनआंदोलन

हरदा :- नगर एवं क्षेत्र की विभिन्न ज्वलंत जनसमस्याओं को लेकर शहर कांग्रेस कमेटी खिरकिया ने सोमवार को हरदा विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने की गरिमामयी उपस्थिति में प्रशासन एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के नाम ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की। ज्ञापन में खिरकिया रेलवे फाटक पर स्वीकृत रेलवे ओवरब्रिज (ROB) का निर्माण तत्काल प्रारंभ कराने, यात्री बस किराए में की गई 60 प्रतिशत वृद्धि वापस लेने, स्मार्ट मीटर की अनिवार्यता समाप्त करने तथा क्षेत्र की सड़कों एवं पुलों की बदहाल स्थिति में सुधार सहित विभिन्न जनहित के मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए।

रेलवे फाटक पर ROB निर्माण तत्काल शुरू कराने की मांग

शहर कांग्रेस अध्यक्ष असलम पठान के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि खिरकिया रेलवे फाटक पर ट्रेनों के आवागमन के कारण दिन में कई बार लंबे समय तक फाटक बंद रहता है। इससे दोनों ओर लंबा जाम लग जाता है और स्कूली बच्चों, मरीजों, एंबुलेंस, किसानों, कर्मचारियों सहित आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

 

कांग्रेस ने मांग की कि स्वीकृत रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण बिना किसी और विलंब के तत्काल धरातल पर प्रारंभ कराया जाए तथा निर्माण की समय-सीमा सार्वजनिक की जाए, ताकि नागरिकों को इस गंभीर समस्या से स्थायी राहत मिल सके।

 

बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए एस्केलेटरयुक्त FOB की मांग

रेलवे स्टेशन के समीप आम नागरिकों की सुविधा के लिए एस्केलेटर अथवा सुगम रैंपयुक्त फुट ओवरब्रिज (FOB) बनाए जाने की मांग भी ज्ञापन में की गई। कांग्रेस ने कहा कि बुजुर्गों, दिव्यांगजनों, गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए फुट ओवरब्रिज में सुगम आवागमन की व्यवस्था आवश्यक है।

60 प्रतिशत बढ़ा बस किराया वापस लेने की मांग

ज्ञापन में सामान्य यात्री बसों के किराए में की गई 60 प्रतिशत वृद्धि को जनविरोधी बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किसान, मजदूर, विद्यार्थी एवं दैनिक आवागमन करने वाले नागरिक बड़ी संख्या में निजी यात्री बसों पर निर्भर हैं। किराए में इतनी बड़ी वृद्धि से आम नागरिकों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ा है।

 

स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस ने उठाई आवाज

- Install Android App -

स्मार्ट मीटर लगाए जाने को लेकर उपभोक्ताओं पर बनाए जा रहे कथित दबाव की निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी कांग्रेस ने की। साथ ही स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद विद्युत बिलों में अचानक वृद्धि की शिकायतों की तकनीकी एवं उच्चस्तरीय जांच कराने तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों का शीघ्र निराकरण किए जाने की मांग की गई।

राज्य मार्ग क्रमांक-15 के मरम्मत कार्य की जांच की मांग

पोखरनी से हरदा तक राज्य मार्ग क्रमांक-15 पर कराए गए मरम्मत एवं पैचवर्क कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस ने उच्चस्तरीय तकनीकी जांच की मांग की। ज्ञापन में कार्य की स्वीकृत राशि, कार्यादेश, निर्माण गुणवत्ता एवं संबंधित ठेकेदार की भूमिका की जांच कर दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई तथा सड़क का गुणवत्तापूर्ण सुधार एवं पुनर्निर्माण कराने की मांग की गई।

मांदला और मुहाल नदी के पुलों की सुरक्षा पर चिंता

मादला एवं मुहाल नदी पर स्थित क्षतिग्रस्त पुलों की तत्काल मरम्मत तथा मजबूत सुरक्षा रेलिंग लगाए जाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही। कांग्रेस ने कहा कि पुलों की खराब स्थिति एवं सुरक्षा रेलिंग के अभाव में गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। दोनों पुलों का तकनीकी निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने की मांग की गई।

 

हरदा विधायक डॉ. दोगने का अल्टीमेटम—एक माह में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो होगा जनआंदोलन

हरदा विधायक डॉ. दोगने ने कहा कि खिरकिया क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर प्रशासन को गंभीरता से कार्यवाही करनी होगी। रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण, यात्री बस किराए में वृद्धि, स्मार्ट मीटर से जुड़ी उपभोक्ताओं की शिकायतें, राज्य मार्ग क्रमांक-15 की बदहाल स्थिति तथा मादला-मुहाल नदी के पुलों की सुरक्षा जैसे मुद्दे सीधे तौर पर आमजन के जीवन से जुड़े हुए हैं। इन समस्याओं के समाधान में अब किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

 

उन्होंने कहा कि प्रशासन को इन सभी समस्याओं के निराकरण के लिए एक माह का समय दिया जा रहा है। इस अवधि में यदि संबंधित विभागों द्वारा ठोस एवं सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस आमजन के साथ लोकतांत्रिक तरीके से चरणबद्ध आंदोलन करेगी। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विद्युत कार्यालय का घेराव, चक्काजाम सहित अन्य आंदोलनात्मक कार्यक्रम भी किए जाएंगे।

 

डॉ. दोगने ने कहा कि हमारा उद्देश्य किसी विभाग या अधिकारी का विरोध करना नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं का स्थायी समाधान कराना है। प्रशासन समय-सीमा के भीतर कार्यवाही कर जनता को राहत प्रदान करे। यदि एक माह बाद भी समस्याएं जस की तस रहीं, तो कांग्रेस जनता की आवाज बनकर सड़क पर उतरने के लिए मजबूर होगी और इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग एवं प्रशासन की होगी।

 

शहर कांग्रेस अध्यक्ष असलम पठान ने कहा कि यह किसी राजनीतिक स्वार्थ का नहीं, बल्कि आम जनता की मूलभूत समस्याओं का मामला है। प्रशासन को समय रहते इन समस्याओं का निराकरण करना चाहिए। यदि समस्याओं के समाधान की दिशा में गंभीरता नहीं दिखाई गई तो कांग्रेस जनता के साथ सड़क पर उतरकर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करेगी।