हंडिया। हंडिया तहसील के ग्राम साल्याखेड़ी के पांच होनहारों ने अपने संघर्ष, अनुशासन और मेहनत के दम पर मध्यप्रदेश पुलिस में चयन पाकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है। यह सफलता केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि गांव की मिट्टी से उठे सपनों के साकार होने की कहानी है।
चयनित अभ्यर्थियों में सीमा कनौजे (पिता लालु कनौजे), ओकेश नरगावें (पिता जामसिंह नरगावे), सुरेश कनौजे (पिता विक्रम कनौजे), फूलसिंह कनौजे (पिता बहादुर कनौजे) एवं सेवन्ति चौहान (पिता मड़ीया चौहान) शामिल हैं। इन युवाओं ने सीमित संसाधनों के बावजूद लगातार मेहनत कर यह मुकाम हासिल किया।
9 अप्रैल 2026 को आया सुनहरा परिणाम
9 अप्रैल 2026 को घोषित हुए फाइनल रिजल्ट में साल्याखेड़ी के इन पांच युवाओं ने सफलता हासिल कर इतिहास रच दिया। परिणाम सामने आते ही गांव में खुशी की लहर दौड़ गई।
थाना हंडिया में हुई मुलाकात, जमीनी सच्चाई से जुड़ी कहानी
इसी बीच आज चयनित अभ्यर्थियों में से तीन युवक थाना हंडिया में कैरेक्टर सर्टिफिकेट लेने पहुंचे,
जहां उनसे मुलाकात के दौरान उनकी मेहनत और संघर्ष की असल कहानी सामने आई। बातचीत में युवाओं ने बताया कि उन्होंने कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने लक्ष्य को नहीं छोड़ा और लगातार तैयारी जारी रखी।
गांव में जैसे ही चयन की खबर पहुंची, परिजनों और ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर खुशी जाहिर की। बुजुर्गों ने आशीर्वाद दिया, वहीं युवाओं ने इन्हें अपना आदर्श बताया।
यह सफलता साबित करती है कि हंडिया तहसील के गांवों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है—जरूरत है तो सिर्फ मेहनत, लगन और अपने लक्ष्य के प्रति अडिग विश्वास की।

