Big news : ओडिशा में लगातार बारिश और नदियों के उफान के कारण पांच जिलों में बाढ़ की गंभीर स्थिति पैदा हो गई है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री के अनुसार, जाजपुर, भद्रक, बालेश्वर, केंदझर और मयूरभंज जिलों के लगभग 6 लाख लोग इस आपदा से प्रभावित हुए हैं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 1.65 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है और राहत शिविरों में भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। हालांकि बैतरणी नदी का जलस्तर धीरे-धीरे घट रहा है, लेकिन मौसम विभाग ने 2 अगस्त के बाद फिर से भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

