इंदौर। शहर में DAVV यूनिवर्सिटी ने अपनी प्लेसमेंट रिपोर्ट जारी की है। शैक्षणिक सत्र 2024-25 विवि के लिए प्लेसमेंट के लिहाज से मजबूत रहा। खास बात रही कि एक ओर हाई पैकेज के ऑफर मिले तो औसत पैकेज और कंपनियों की संख्या में भी पिछले साल की तुलना में बढ़ोतरी दर्ज की गई। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (DAVV) द्वारा जारी प्लेसमेंट रिपोर्ट के अनुसार इस साल कुल 271 कंपनियों ने कैंपस ड्राइव में हिस्सा लिया और 1091 ऑफर दिए।
पिछले वर्ष यह आंकड़ा 219 कंपनियां और 1039 ऑफर का था। यानी कंपनियों की संख्या में उल्लेखनीय इजाफा हुआ, जिसका सीधा फायदा छात्रों को मिला। प्लेसमेंट में शामिल विद्यार्थियों में 56 प्रतिशत छात्र और 44 प्रतिशत छात्राएं रहीं। सबसे बड़ा पैकेज इस सत्र का सबसे ज्यादा 72 लाख का सालाना पैकेज आइआइपीएस के एमटेक छात्र आदित्य बंसल को एक्स कॉम ने दिया।
अमेजन, गूगल, माइक्रोसॉफ्ट में मिला प्लेसमेंट
इसके अलावा आइईटी के विद्यार्थियों को भी बड़े प्लेसमेंट पर मौके मिले। श्रुति शर्मा, कृति श्रीवास्तव और अनुज मालवीय को अमेजन, गूगल, माइक्रोसॉफ्ट और वालमार्ट में प्लेसमेंट मिला। इस बार औसत पैकेज बढ़कर 5.31 लाख रुपए सालाना हो गया, जबकि पिछले साल यह 5.14 लाख था। यह संकेत है कि न सिर्फ अवसर बढ़े हैं, बल्कि उनकी गुणवत्ता में भी सुधार हुआ है।

