PM सड़क योजना की सड़कें गड्ढों में तब्दील : ग्रामीणों का सब्र टूटा: मरम्मत नहीं हुई तो होगा जन आंदोलन
केके यदुवंशी पत्रकार
सिवनी मालवा। सिवनी मालवा। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी दो मुख्य सड़कें पूरी तरह जर्जर हो चुकी हैं। हालात ये हैं कि बारिश में जलभराव से आवागमन ठप हो जाता है और हादसों का खतरा बना रहता है।
पार्षद एवं राजस्व व वाजार समिति के सभापति ईश्वरदास जर्मीदार ने जनसुनवाई में कलेक्टर नर्मदापुरम को पत्र लिखकर तत्काल मरम्मत की मांग की है। पत्र में बताया गया है कि राजमार्ग-15 से ग्राम रावनपीपल-चौकीगवां मार्ग और भरलाय-भैरोपुर मार्ग जगह-जगह बड़े गड्ढों से पट गए हैं। ईश्वर जमीदार के मुताबिक स्कूली बच्चों को स्कूल पहुंचने में दिक्कत होती है।
बीमार लोगों को अस्पताल ले जाना मुश्किल हो गया है। इस मार्ग पर कई बार दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं।पार्षद जर्मीदार का कहना है कि इस समस्या को लेकर पहले भी कई बार लिखित और मौखिक रूप से विभाग को अवगत कराया गया, लेकिन आज तक कोई कार्यवाही नहीं हुई। जनहित में दोनों सड़कों का तत्काल निरीक्षण कराकर मरम्मत शुरू की जाए।
यदि जल्द काम शुरू नहीं हुआ तो ग्रामीणों के साथ मजबूरन जन आंदोलन किया जाएगा।पत्र की प्रतिलिपि जिला पंचायत सीईओ, ग्रामीण यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री और जनपद पंचायत सीईओ को भी भेजी गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है।

