मुंबई। बैंकिंग और धातु सेक्टरों में लिवाली से घरेलू शेयर बाजारों में शुक्रवार को तेजी लौट आयी, हालांकि आईटी सेक्टर की कंपनियों पर दबाव देखा गया। बीएसई का सेंसेक्स 316.57 अंक (0.38 प्रतिशत) चढ़कर 82,814.71 अंक पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक 116.90 अंक यानी 0.46 प्रतिशत ऊपर 25,571.25 अंक पर बंद हुआ। पिछले कारोबारी दिवस पर दोनों सूचकांक डेढ़ प्रतिशत के करीब टूटे थे। मझौली कंपनियों में आज लिवाली ज्यादा हुई जबकि छोटी कंपनियों में बिकवाली हावी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.40 प्रतिशत चढ़ गया जबकि स्मॉलकैप-100 सूचकांक में 0.11 प्रतिशत की गिरावट रही। बैंकिंग, धातु, एफएमसीजी, ऑटो, तेल एवं गैस, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, रियलटी और स्वास्थ्य समूहों के सूचकांक हरे निशान में बंद हुए। आईटी और मीडिया समूहों में गिरावट रही। सेंसेक्स की कंपनियों में एनटीपीसी का शेयर पौने तीन फीसदी चढ़ गया। एलएंडटी में सवा दो प्रतिशत की तेजी रही। हिंदुस्तान यूनीलिवर, बजाज फाइनेंस, पावरग्रिड, टाटा स्टील, बीईएल और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर एक से दो प्रतिशत की बढ़त में रहे। टाइटन, मारुति सुजुकी, एक्सिस बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, इंडिगो, एशियन पेंट्स, सनफार्मा, रिलायंस इंडस्ट्रीज, बजाज फिनसर्व, अल्ट्राटेक सीमेंट, ट्रेंट और आईटीसी में भी तेजी रही। क्वालिटी वॉल का शेयर साढ़े तीन फीसदी गिर गया। टेक महिंद्रा, इंफोसिस और इटरनल में एक से दो प्रतिशत की गिरावट रही। एचसीएल टेक्नोलॉजीज, भारती एयरटेल, महिंद्रा एंड महिंद्रा और एचडीएफसी बैंक के शेयर भी टूट गये।
ब्रेकिंग
