पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर की जांच शुरु
मकडा़ई एक्सप्रेस 24 बीकानेर। बीकानेर में पति-पत्नी के बीच आर्थिक विवाद का एक बड़ा मामला सामने आया है। उदासर स्थित विराट नगर निवासी एक व्यक्ति ने अपनी ही पत्नी पर छल करके बैंक खाते से 52 लाख रुपए निकालने का आरोप लगाया है। परिवादी की शिकायत पर जयनारायण व्यास कॉलोनी (JNV कॉलोनी) थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला…?
पुलिस के अनुसार परिवादी की पहचान 50 वर्षीय सुरेश कुमार जाट निवासी विराट नगर, मरुधर कॉलोनी, उदासर के रूप में हुई है। सुरेश कुमार ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उसकी पत्नी अनिता पुत्री शिशपाल जाट ने बिना उसकी जानकारी और सहमति के उसके बैंक खाते से 52 लाख रुपए निकाल लिए।
छल और दस्तावेज चोरी का आरोप
परिवादी ने रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी ने केवल पैसे ही नहीं निकाले, बल्कि घर से उसके चेक बुक, बैंक डायरी, एटीएम कार्ड और बैंक से संबंधित अन्य जरूरी कागजात भी चोरी कर लिए हैं। पीड़ित का कहना है कि उसकी पत्नी ने छलपूर्वक यह पूरी वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस जांच में जुटी
जयनारायण व्यास कॉलोनी थाने में मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने बैंक स्टेटमेंट और ट्रांजेक्शन डिटेल की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है। बैंक से लेन-देन का पूरा रिकॉर्ड मंगवाया जा रहा है, उसके बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में धोखाधड़ी और चोरी का मुकदमा दर्ज किया है। मामले के जांच अधिकारी बैंक अधिकारियों से भी पूछताछ करेंगे कि बिना खाताधारक की सहमति से इतनी बड़ी रकम कैसे निकाली गई।

