भोपाल। अगस्त के अंतिम सप्ताह में शुरू हुई तेज बारिश का दौर जारी है। अगले 24 घंटे में प्रदेश के 16 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। लेकिन अब मध्य प्रदेश मौसम विभाग का कहना है कि 2 दिन बाद बारिश की रफ्तार कम हो जाएगी। उत्तर-पश्चिमी मध्यप्रदेश से गुजर रही मानसून ट्रफ और लो प्रेशर एरिया के कारण प्रदेश में अभी बारिश का सिस्टम स्ट्रांग है।
बीते 24 घंटे में जमकर भीगा मध्यप्रदेश
बीते 24 घंटो में रतलाम, रायसेन, उज्जैन, धार, राजगढ़, बड़वानी, झाबुआ और इंदौर समेत 45 जिलों में तेज बारिश हुई है. बीते एक सप्ताह से जारी बारिश की वजह से राजधानी भोपाल का बड़ा तालाब भी ओवरफ्लो हो गया। इसके बाद शनिवार सुबह 10.35 बजे भदभदा डैम के दो गेट खोले गए।
इंदौर में इमारत जमींदोज, राजगढ़ में ड्राइवर लापता
रतलाम जिले में हुई सबसे अधिक बारिश
बीते 24 घंटे में सबसे अधिक बारिश रतलाम में हुई। शुक्रवार सुबह 8.30 बजे से शनिवार सुबह 8.30 बजे तक यहां 5 इंच बारिश दर्ज की गई। जबकि रायसेन के गोहरगंज में 4.2 इंच, उज्जैन के माहिदपुर में 4.2 इंच, पिपलोदा में 3.6 इंच, इंदौर के गौतमपुरा में 3.3 इंच, खंडवा के पुनासा में 3.2 इंच बारिश दर्ज की गई है। इसके अलावा सीधी, मंडला, सागर, टीकमगढ़, शहडोल, पन्ना, रीवा, राजगढ़, धार, बड़वानी, इंदौर, अशोकनगर, गुना, शिवपुरी, अलीराजपुर, बैतूल, नीमच, मंदसौर, हरदा, सीहोर, खरगोन, ग्वालियर, भिंड, दतिया, भोपाल, विदिशा, मुरैना, बुरहानपरु, शिवपुरी, श्योपुर और देवास समेत अन्य शहरों में बारिश दर्ज की गई है।

