बाउंसर ने महिला को कपड़े उतारकर पीटा, मैनेजर हिरासत में
मकड़ाई एक्सप्रेस 24 गुवाहाटी। असम की राजधानी गुवाहाटी के खानापारा इलाके के नामी नाइटक्लब ‘द लोकल्स कैफे एंड लाउंज’ में महिला के साथ बर्बरता का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि क्लब के बाउंसरों ने युवती को चौथी मंजिल से घसीटकर पार्किंग में लाया, उसके कपड़े उतारे और बेरहमी से पीटा। घटना के दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मैनेजर को हिरासत में ले लिया है।
क्या है पूरा मामला..
यह घटना 1 अक्टूबर की देर रात की है। सिक्योरिटी गार्ड के मुताबिक, पीड़िता अपने दोस्तों के साथ क्लब आई थी। अंदर किसी बात पर विवाद हुआ और महिला ने गुस्से में एक महिला बाउंसर पर बीयर की बोतल से हमला कर दिया। इसके बाद बाउंसरों ने महिला को पकड़कर बेसमेंट पार्किंग में लाकर मारपीट शुरू कर दी।
वायरल वीडियो में दिखी हैवानियत
वायरल वीडियो में महिला फर्श पर अर्धनग्न हालत में पड़ी दिख रही है, शरीर पर सिर्फ काली पैंट है। दो महिला बाउंसर उसे लातों से मार रही हैं और कई पुरुष बाउंसर तमाशबीन बने खड़े हैं। दूसरे वीडियो में एक व्यक्ति उसे उठाने की कोशिश कर रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में भारी गुस्सा है।
पुलिस का एक्शन
ईस्ट गुवाहाटी DCP तबु राम पेगू ने बताया कि क्लब मैनेजर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हैरानी की बात है कि अभी तक पीड़िता की पहचान नहीं हुई है और न ही कोई शिकायत दर्ज हुई है। DCP ने कहा कि अगर पीड़िता सामने नहीं आती तो भी पुलिस स्वतः संज्ञान लेकर वीडियो और सबूतों के आधार पर सख्त धाराओं में FIR दर्ज कर कार्रवाई करेगी। फिलहाल क्लब बंद है और पुलिस जांच में जुटी है।

