फोरलेन पर ढाई घंटे तक 7 किमीं लंबा जाम
मकडा़ई एक्सप्रेस 24 बदनावर । प्रदेश के धार जिले के बदनावर में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। लेबड़-नयागांव फोरलेन पर तेज रफ्तार ट्राले ने बाइक सवार एक ही परिवार को पीछे से कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि पति-पत्नी और उनकी 14 साल की बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 साल की दूसरी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई।
कैसे हुआ हादसा….?
जानकारी के अनुसार ग्राम बड़ा कठोड़िया निवासी राहुल पिता निर्भय सिंह भाटी (35) अपनी पत्नी पूजा (30) और दो बेटियों सुमन (14) और शिवानी (12) के साथ बाइक क्रमांक MP 43 EF 2220 से खेरवास स्थित अपने खेत पर लहसुन की बुआई के लिए जा रहे थे।
सुबह करीब 7 बजे जैसे ही वे पिटगारा तिराहे के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्राले ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्राला बाइक को करीब 50 मीटर तक घसीटते हुए ले गया, जिससे तीनों के शव क्षत-विक्षत हो गए। हादसे के बाद ट्राला चालक गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 100 और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घायल बच्ची शिवानी को तुरंत बदनावर सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उसे रतलाम रेफर किया गया है।
हादसे के बाद चक्काजाम – 7 KM तक लगी कतार
तीन लोगों की एक साथ मौत से ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने पिटगारा तिराहे पर शव रखकर लेबड़-नयागांव फोरलेन पर चक्काजाम कर दिया।
लोगों की मांग थी कि तिराहे पर स्पीड ब्रेकर बनाया जाए और मृतक परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए। जाम के कारण फोरलेन पर दोनों तरफ 7 किलोमीटर से ज्यादा लंबी वाहनों की कतार लग गई। इंदौर-रतलाम मार्ग पर यात्री बसें और ट्रक घंटों फंसे रहे। करीब ढाई से चार घंटे तक ट्रैफिक पूरी तरह बाधित रहा।
पुलिस-प्रशासन मौके पर पहुंचा
सूचना मिलते ही एसडीएम प्रियंका मिमरोट, एसडीओपी अरविंद सिंह तोमर, टीआई अमित सिंह कुशवाह और तहसीलदार सुरेश नागर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश देकर और आरोपी ट्राला चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार ट्राले की तलाश में नाकेबंदी कर दी है। बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।

