रंजीत सरवरे की रिपोर्ट
जोगा । हंडिया थाना क्षेत्र के ग्राम खेड़ा में बीते कल दो लोगों के बीच गाली-गलौज के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार राहुल ठाकुर पर आरोप लगाया गया कि वह काजले परिवार के घर के पास जाकर गाली-गलौज कर रहा था।
बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर राज ठाकुर राहुल के पास, नीम के पेड़ के पास स्थित नवदुर्गा मंदिर के पास पहुंचा, जहां दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच झूमाझटकी हो गई। इसके बाद राज ठाकुर ने अपने पिता व अन्य परिजनों को फोन कर मौके पर बुला लिया।
मौके पर पहुंचे गुलाब सिंह काजले, दीपक काजले और महेश काजले सहित अन्य लोगों ने मिलकर राहुल ठाकुर के साथ मारपीट की।
आरोप है कि मारपीट के दौरान कंटीली लकड़ी का इस्तेमाल किया गया, जिससे राहुल के सीने पर गंभीर घाव हो गए और खून भी निकला। वहीं उसकी आंख के पास भी चोट है।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। घायल राहुल ठाकुर को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। मामले की सूचना हंडिया पुलिस को दे दी गई है। पुलिस द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है।

