खिरकिया। जामा मस्जिद चौक स्थित क्रिकेट ग्राउंड पर रखे बारदाने के बड़े ढेर में देर रात भीषण आग लग गई। हादसे में करीब 35 हजार बारदाने जलकर राख हो गए, जिनकी कीमत 7 लाख रुपए बताई जा रही है। बारदाना अग्रवाल एंड संस फर्म के युवा व्यवसायी अक्षत अग्रवाल का था।
प्राथमिक जांच में आग का कारण आतिशबाजी की चिंगारी माना जा रहा है। माना जा रहा है कि दीपावली पर छोड़े गए किसी पटाखे की चिंगारी बारदाने पर गिरी और आग तेजी से फैल गई।
स्थानीय लोगों ने सुबह 4:30 बजे पूर्व पार्षद आशीष अग्रवाल को सूचना दी। आशीष ने तुरंत नगर परिषद फायर ब्रिगेड को बुलाया। दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। पटवारी अविनाश भारद्वाज ने भी मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया और रिपोर्ट तहसीलदार को भेजी है।

