मकड़ाई समाचार भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भोपाल एयरपोर्ट पहुंचे, यहां राज्यपाल मंगुभाई पटेल और सीएम शिवराज सिंह चौहान ने उनकी अगवानी की। इसके बाद जंबूरी मैदान में कार्यक्रम में शामिल होने हेलीकाप्टर से पहुंचे। प्रधानमंत्री प्रदर्शनी स्थल पर पहुंचे। यहां उन्होंने मौजूद आदिवासी नेताओं का अभिवादन स्वीकार किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दोरान मुख्यमंत्री उन्हें आदिवासी महापुरुषों की जानकारी भी दे रहे थे। प्रधानमंत्री ने इस दौरान प्रदर्शनी में दर्शाए गए महिला स्वसहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों को बेहद गौर से देखा। उन्होंने वहां मौजूूद समूहों की महिलाओं से उत्पादों को लेकर जानकारी भी ली।

मध्य प्रदेश की प्रथम विधानसभा के लिए निर्वाचित सदस्य लक्ष्मीनारायण गुप्ता का प्रधानमंत्री ने किया सम्मान। गुप्ता 1952 में पहली बार हिंदू महासभा के प्रत्याशी के रूप में शिवपुरी जिले के पिछोर विधानसभा क्षेत्र से चुने गए थे। वे राजस्व मंत्री रहे हैं और 103 वर्ष के हैं।

– रायसेन रोड पर बसों की लंबी-लंबी कतारें लगी हुई है जंबूरी मैदान पहुंचने के लिए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सुनने के लिए। डिंडौरी मंडला उमरिया सभी जगह से बसें लगातार आ रही। मुख्यमंत्री राशन आपके द्वार योजना के तहत इन वाहनों की चाबी सौंपी जाएगी। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि जनजातीय समुदाय ने देश के लिए बलिदान दिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जनजातीय समुदाय के लिए कई कदम उठा रहे हैं। कुछ नए कार्यक्रमों की शुरुआत आज की जाएगी। भोपाल के रेलवे स्टेशन का नाम रानी कमलापति किया गया है।

– भोपाल में पारंपरिक परिधान में सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति देने पहुंचे आदिवासी जनजाति के लोग। भगवान बिरसा मुंडा की फिल्म को लोग एकटक देखते रहे। उधर भोपाल में सागर पब्लिक स्कूल गांधीनगर से आदिवासियों का दल प्रधानमंत्री के सभा स्थल की तरफ रवाना हो गया, जिसमें करीब 40 बसें शामिल हैं।

– जंबूरी मैदान पर वीवीआइपी लोगों का आना शुरू हो गया है, पुलिस द्वारा वीवीआइपी को फालोआन दिया जा रहा है। पुलिसकर्मियों के लिए भोजन व्यवस्था का भी पर्याप्त इंतजाम किया जा रहा है। पुलिस लाइन से भोजन पुलिसकर्मियों तक पहुंचाया जा रहा है। बिना पास के भाजपा कार्यकर्ताओं को भी नहीं दिया जा रहा है। जंबूरी मैदान पर जनजातीय समुदाय के व्यक्तियों का लगातार आना जारी।

– भोपाल में कार्यक्रम स्थल पर 28 सेक्टर बनाए गए हैं, हर सेक्टर में 2 डाक्टर और नर्सिंग स्टाफ तैनात किया गया है। फर्स्ट एड किट के साथ ही इनके पास सभी जरूरी दवाएं मौजूद है।
– भोपाल में आदिवासी रोहतास सामाजिक संस्था से जुड़े लोग प्रधानमंत्री का स्वागत करने के लिए पहुंचे हैं। इन्हें भेल कालेज चौराहे से आगे नहीं जाने दिया जा रहा है। इनका कहना है कि वह बिरसा मुंडा परिवार से ही है।

– शिवपुरी से आए आदिवासी जनजाति के लोग अपनी समस्याओं को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुखातिब होना चाहते हैं, उन्हें मोदी जी से उम्मीद है कि वे उनकी सभी समस्या इस कार्यक्रम के माध्यम से सुलझा देंगे।

– भोपाल के जंबूरी मैदान में भारी संख्या में आदिवासी जनजाति के लोग आए, कार्यक्रम में जनजाति जननायक की वीर गाथा का हो रहा है उच्चारण।

– भोपाल में कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था, गेट से अंदर जाने से पहले मेटल डिटेकटर से हो रही चेकिंग।

– भगवान टंट्या मामा स्मारक स्थल बड़ौदा से भोपाल के लिए अमृत कलश लेकर रवाना हुए भाजपा विधायक राम डंगोरे।
– कार्यक्रम स्थल के मुख्य स्टेज पर बम डिस्पोजल स्क्वायड आखिरी बार चेकिंग कर रहे हैं। किसी को भी बिना पास के प्रवेश नहीं दिया जा रहा। जंबूरी मैदान में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है। करीब 2.50 लाख लोगों के इस कार्यक्रम में पहुंचने की बात कही जा रही है।
– जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम स्थल जंबूरी मैदान में शामिल होने आए लोगों को चेकिंग के बाद दिया जा रहा प्रवेश।

– जनजाति गौरव दिवस समारोह में शामिल होने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया दिल्ली से भोपाल पहुंचे। राज्य शासन के मंत्री तुलसी सिलावट गोविंद राजपूत एवं प्रभु राम चौधरी ने उनकी अगवानी की बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता विमानतल पर उपस्थित थे। मीडिया से चर्चा करते हुए सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आदिवासियों का गौरव बढ़ाया है, मध्य प्रदेश सरकार भी आदिवासियों के लिए ऐतिहासिक कार्य कर रही है। भगवान बिरसा मुंडा हम सब के आदर्श हैं उनकी जन्म जयंती को हमने ऐतिहासिक बना दिया है पूरे विश्व में सम्मान बढ़ा है।

भोपाल में जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में शामिल होने प्रदेशभर से 772 बसों में पहुंचे 24 हजार से अधिक लोगों को शहर में अलग-अलग रुकवाया गया है। यहां सुबह 28 स्थानों पर उन्हें नाश्ता करवाया गया।

भोपाल के जंबूरी मैदान पर ऐसी है कार्यक्रम की व्यवस्था
जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम स्थल जंबूरी मैदान को 28 सेक्टरों में बाटा गया है, जिसमें 7 स्टेज बनाए गए हैं। यहां सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। आठ गेट बनाए गए है, इसमें से चार इमरजेंसी एग्जिट के तौर पर उपयोग हो सकेंगे। सुबह साढ़े 10 बजे से मुख्य स्टेज के पास एक और स्टेज पर सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। स्टेज के पीछे जानजातीय प्रदर्शनी लगाई गई है, जहां आकर्षण का प्रमुख केंद्र झाबुआ का गुड़ियां शिल्प होगा। 150 शौचालय पूरे जंबूरी मैदान के आसपास बनाए गए है, हर सेक्टर में पीने के पानी की व्यवस्था की गई है। पूरा कैंपस प्लास्टिक फ्री रहेगा, स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया गया है। सुबह 12 बजे के बाद किसी भी व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
20 युवाओं को वाहन की चाबी सौंपेंगे
20 युवाओं को ‘राशन आपके द्वार” योजना के तहत गांव-गांव तक राशन पहुंचाने के लिए वाहन की चाबी सौंपी जाएगी। ये वाहन स्थानीय युवाओं को सरकार ने बैंकों से ऋण उपलब्ध कराकर दिलवाए हैं। इन्हें 23 हजार से लेकर 31 हजार रुपये तक हर महीने प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। शनिवार और रविवार को वाहन का वाणिज्यिक गतिविधियों के लिए उपयोग भी कर सकेंगे। 23 लाख से ज्यादा हितग्राही योजना से लाभांवित होंगे।
यह भी होगा
– विशेष पिछड़ी जनजाति के तीन चयनित शिक्षकों को नियुक्ति का प्रमाण पत्र देंगे।
– सामुदायिक वन प्रबंधन अधिकार ग्राम सभा को दिए जाएंगे। इसकी शुरुआत तेंदूपत्ता बेचने का काम ग्राम वन समिति को देकर किया जाएगा।
– सिकल सेल एनीमिया बीमारी से निजात पाने के लिए राज्य मिशन का शुभारंभ किया जाएगा। प्रधानमंत्री झाबुआ और आलीराजपुर के हितग्राहियों को सिकल सेल कार्ड देंगे।
– पेसा अधिनियम को प्रदेश में चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।
– अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों को आठवीं, नौंवी कक्षा से ही नीट और जेइइ मेनस की तैयारी और स्मार्ट क्लास गाइड लाइन की व्यवस्था की जाएगी।
– प्रत्येक गांव के चार व्यक्तियों को ग्रामीण इंजीनियर के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा।
– पुलिस और सेना में भर्ती के लिए प्रशिक्षण देने का काम किया जाएगा।
– मध्य प्रदेश औषधीय पादप बोर्ड का गठन किया जाएगा।
– देवारण्य योजना के तहत वनोत्पाद और वन औषधि का बढ़ावा देने के लिए वन उपज को समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा।
– अगले तीन साल में प्रदेश के सभी गांवों में पानी की टंकी का निर्माण और पाइल लाइन बिछाकर प्रत्येक घर में नल से पानी प्रदाय किया जाएगा।
इन्हें राष्ट्र को करेंगे समर्पित
रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के लोकार्पण के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इन रेल सुविधाओं की सौगात भी मध्य प्रदेश को देंगे।
– आमान परिवर्तित एवं विद्युतीकृत उज्जैन-फतेहाबाद चंद्रावतीगंज ब्राड गेज रेलखंड ।
– भोपाल-बरखेड़ा रेलखंड के तिहरीकरण ।
-आमान परिवर्तित एवं विद्युतीकृत मथेला-निमारखेड़ी ब्राड गेज रेलखंड
– गुना-ग्वालियर रेलखंड के विद्युतीकरण
इसका करेंगे शुभारंभ
– उज्जैन-इंदौर एवं इंदौर-उज्जैन मेमू ट्रेन

