मकड़ाई समाचार बैतूल। जिले के पाथाखेड़ा में स्थित वेस्टर्न कोल फील्ड लिमिटेड की भूमिगत तवा वन में रविवार रात चोरी करने के लिए बड़ी संख्या में हथियारबंद बदमाश पहुंच गए। सुरक्षाकर्मियों के साथ मारपीट की जिसमें एक सुरक्षा कर्मी घायल हो गया। खदान में बदमाशों के पहुंचने की खबर लगते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। तलाशी अभियान चलाया गया लेकिन अधिकांश बदमाश भाग गए। इसी दौरान यह जानकारी मिली कि कुछ बदमाश खदान के भीतर छुप गए हैं। पुलिस और सुरक्षाकर्मियों की टीम ने खदान के भीतर जाकर तलाश शुरू की और सोमवार सुबह 9.30 बजे छह बदमाशों को पकड़ लिया गया।
वेकोलि के अधिकारियों ने बताया कि जिस समय यह घटना हुई उस समय सुरक्षा व्यवस्था कम थी। एक सुरक्षा प्रहरी पर बदमाशों के द्वारा धारदार हथियार से हमला कर दिया जिसकी वजह से वह घायल हो गया है। उसे प्राथमिक उपचार के लिए वेकोलि पाथाखेड़ा के एरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला गंभीर होने से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीरज सोनी के द्वारा रात में ही तवा वन खदान का निरीक्षण किया और तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक सिमाला प्रसाद भी सुबह घटनास्थल पहुंची और बदमाशों को पकड़ने के लिए योजनाबद्ध तरीके से टीम को खदान में भेजा गया। सारनी पुलिस के द्वारा आरोपितों के खिलाफ धारा 294, 323, 342, 427, 395, 506 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर छह को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के साथ इस घटना में और कौन-कौन लोग शामिल थे, इस की पूछताछ सारनी पुलिस के द्वारा की जा रही है। कार्यवाही में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सारणी महेन्द्र सिंह चौहान, थाना प्रभारी फतेह बहादुर, चौकी प्रभारी पाथाखेड़ा राहुल रघुवंशी व समस्त पुलिस स्टाफ की विशेष भूमिका रही। पुलिस द्वारा तीन पार्टी बना कर सर्च आपरेशन चलाया गया। एसडीओपी महेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि घटना में 15-16 लोग शामिल थे, जिनमें से छह को हिरासत में ले लिया गया है। बाकी के नाम उजागर हो गए हैं। उनकी भी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस ने तीन टीमें बनाकर रात भर बदमाशों की तलाश की और सुबह छह को पकड़ने में सफलता पाई। आरोपितों के पकड़े जाने के बाद कामगार खदान में काम करने के लिए उतरे। उल्लेखनीय है कि कोयला खदानों को बदमाश आए दिन निशाना बना रहे हैं। 21 नवंबर को भी वेस्टर्न कोल फील्ड्स लिमिटेड (वेकोलि) की बंद सारनीयला खदान पर चोरों ने धावा बोलकर एसएएफ के जवानों को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया था। शनिवार देर रात हथियार बंद चोरों ने सुरक्षा गार्डों, ओवरमेन, माइनिंग सरदार समेत अन्य स्टाफ को दो घंटे खुले मैदान पर घुटने टेक करवाया। आधा सैकड़ा की तादात में हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने एसएएफ के जवानों समेत वेकोलि सुरक्षा गार्डों, ओवरमेन, माइनिंग सरदार को बंधक बनाकर स्टोरों के ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया था।

