गोवंश से ठूंस-ठूंस कर भरा ट्रक हिन्दूवादी संगठनों ने पकड़ा, 13 मृत मिले, संगठनों ने उक्त मामले को लेकर जमकर जताया आक्रोश
मकड़ाई समाचार जबलपुर। गायों व मवेशियों की सुरक्षा को लेकर शासन कागजों में योजना तैयार कर रहा है और यहा रोजाना ही क्रूरता के कारण मवेशियों की मौत हो रहीं है। ऐसा ही एक मामला पाटन वायपास में देखने को मिला, जहां एक ट्रक में ठूंस-ठूंस कर भरे गये मवेशियों को हिन्दूवादी संगठनों ने पकड़ा। जिनमें से अधिकांश मवेशी अचेत मिले तो एक दर्जन करीब गाय-बछड़ों ने दम तोड़ दिया। हिन्दूवादी संगठनों ने उक्त मामले को लेकर जमकर आक्रोश जताया, उनका आरोप था कि सूचना के बाद भी पुलिस घंटो देर से पहुंची।
प्राप्त जानकारी अनुसार ट्रक क्रमांक एमएच-26 एच-2613 मेें बड़ी तादाद में मवेशियों को भरकर कहीं ले जाया जा रहा था। ट्रक सुबह पाटन वायपास में खड़ा था, जिसमें ठूंस-ठूंस कर भरे गये मवेशियों पर किसी राहगीर की नजर पड़ गई। जिसके बाद मामले की सूचना हिन्दूवादी संगठनों तक पहुंच गई और देखते ही देखते हिन्दूवादी संगठनों के पदाधिकारी व बड़ी तादाद में आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गये। जिसके बाद ट्रक से मवेशियों को बाहर निकालने का क्रम शुरु हुआ। जिसमें अधिकांश मवेशी अचेत हालत में मिले और उनमें से करीब एक दर्जन मवेशियों की मौत हो चुकी थी। वहीं मौके से चालक फरार बताया जा रहा है।
कागजों में बन रहीं सुरक्षा की योजना: उल्लेखनीय है कि मवेशियों पर क्रूरता बरतने व उनकी समुचित व्यवस्था न होने को लेकर हाईकोर्ट में मामला विचाराधीन है। जिसमें पिछले एक वर्ष से शासन की ओर से उपयुक्त योजना बनाये जाने की जानकारी न्यायालय के समक्ष पेश की गई, लेकिन अभी तक उसे जमीनी हकीकत में नहीं ढाला गया है, यहीं कारण है कि मवेशियों के साथ क्रूरता बदस्तूर जारी है। ट्रक में 42 गोवंश थे, जिसमें 13 मृत मिले। गोवंश को नगर निगम की गौशाला भेज दिया।

