प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने मुख्यमंत्री जी का आभार प्रकट किया
मकड़ाई समाचार हरदा। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरूवार को प्रदेश के 1 लाख 46 हजार से अधिक किसानों को 202 करोड़ 90 लाख रूपये की फसल-क्षति राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से किसानों के बैंक खाते में ट्रांसफर की। प्रदेश के जल संसाधन व मत्स्य पालन विभाग के मंत्री तथा हरदा जिले के प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने इसके लिये मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान का आभार प्रकट किया है।
प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने आभार प्रकट करते हुए कहा है कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री श्री चौहान के नेतृत्व में खेती को लाभ का धंधा बनाने तथा किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार के लिये कार्य कर रही है। प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने कहा है कि पूर्व की सरकारों में किसानों को फसल क्षति के नाम पर बहुत कम राशि मिलती थी तथा फसल बीमा के दावे के रूप में भी नाम मात्र की मदद मिलती थी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने किसानों को अधिक राहत देने के उद्देश्य से राजस्व पुस्तक परिपत्र में संशोधन कर राहत की दरों को बढ़ाया है, जिससे किसानों को फसल क्षति के रूप में अब भरपूर राशि मिल रही है। प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री चौहान के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने गत 22 माह में 1 लाख 76 हजार करोड़ रुपए किसानों के खाते में जमा कराने का चमत्कार किया है। यह किसानों की सरकार है, किसानों के कल्याण में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होने कहा है कि प्रदेश में सिंचाई की योजनाओं का जाल बिछा कर प्रदेश के हर सूखे खेत में फसल लहलहाने के लिए राज्य सरकार निरंतर कार्यरत है।

