हरदा : जिले में 3 जुलाई की शाम तेज बारिश और आंधी के कारण खिरकिया-चारूवा क्षेत्र तथा हंडिया उपकेंद्र अंतर्गत विद्युत आपूर्ति प्रभावित हो गई। सूचना मिलते ही मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (MPMKVVCL) की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू किया और क्षतिग्रस्त विद्युत लाइनों एवं पोलों की मरम्मत कर अधिकांश क्षेत्रों में शीघ्र बिजली आपूर्ति बहाल कर दी।
खिरकिया-चारूवा क्षेत्र में प्राकृतिक आपदा के चलते 33 केवी लाइन के 5 तथा 11 केवी लाइन के 10 विद्युत पोल क्षतिग्रस्त हो गए थे, जिससे कई क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति बाधित हुई। वहीं हंडिया उपकेंद्र में अत्यधिक वर्षा से जलभराव होने के कारण विद्युत आपूर्ति प्रभावित रही। जलभराव समाप्त होने और आवश्यक सुरक्षा परीक्षण के बाद उपकेंद्र से बिजली आपूर्ति पुनः सुचारु कर दी गई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए महाप्रबंधक एवं उपमहाप्रबंधक, हरदा उत्तर संभाग ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर विद्युत व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और मैदानी अमले को निर्देश दिए कि सभी प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षित एवं शीघ्र बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा सुधार कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।
विद्युत वितरण कंपनी ने नागरिकों से अपील की है कि बारिश और आंधी के दौरान यदि कहीं बिजली के तार टूटे हुए या जमीन पर गिरे दिखाई दें तो उनसे सुरक्षित दूरी बनाए रखें और इसकी सूचना तुरंत निकटतम विद्युत कार्यालय अथवा कंपनी के कॉल सेंटर को दें। कंपनी का अमला उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं सुरक्षित विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्यरत है।

