मकड़ाई समाचार इंदौर। पंचकुइया मुक्तिधाम को संवारने वाले समाजसेवी प्रेम बाहेती का शनिवार को निधन हो गया। पिछले दिनों वे कोरोना से संक्रमित हो गए थे और गंभीर अवस्था में उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया था। कोरोना वायरस निगेटिव आने के बाद शनिवार सुबह उन्हें घर लाए गया। जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। बाहेती क्लॉथ मार्केट संघ के विभिन्न पदों पर भी रहे। कोरोना से पीड़ित होने की वजह से उनके शरीर के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया। वे एक निजी अस्पताल में पिछले सात दिनों से वेंटिलेटर पर थे।
मुक्तिधाम के विकास में जिस मनोयोग से बाहेती ने कार्य किया, वह मिसाल बन गया था। पंचकुइया मुक्तिधाम के विकास कार्य के बाद ही शहर में अन्य मुक्तिधाम में भी विकास कार्य हुए। कोरोना काल में कई शव पंचकुइया में जलाए गए, जिसकी अस्थियां भी लेने भी परिजन नहीं पहुंचे। उन्हें संभाल कर व्यवस्थित रखने का काम भी प्रेम बाहेती ने किया। उनकी योजना थी कि सभी अस्थियों का सामूहिक संस्कार नर्मदा किनारे खेड़ी घाट पर जाकर किया जाए लेकिन उनकी यह आस अधूरी रह गई। मुक्तिधाम में इतनी सफाई रहती थी कि वहां कई धार्मिक आयोजन भी हो चुके है।
साल के पहले दिन कम हुए मरीज, 183 नए संक्रमित, तीन की मौत
कोरोना वैक्सीन की टेस्टिंग और नए साल के पहले दिन संक्रमित मरीजों की संख्या कम हुई है। बीमारी को लेकर थोड़ी राहत मिलती नजर आई है। शुक्रवार को शहर में 183 नए संक्रमित मरीजों की पृष्टि हुई है। लगभग 4395 सेम्पल टेस्ट किए गए, जिसमें 4204 निगेटिव पाए गए है। बुलेटिन के मुताबिक अब तक 6 लाख 68 हजार 894 लोगों के सेम्पल प्राप्त किए है, जबकि अब तक 55 हजार 320 लोगों को कोरोना हुआ है। शुक्रवार को 201 मरीजों को विभिन्न अस्पतालों से डिस्चार्ज किया गया। अब तक स्वस्थ मरीजों की संख्या 51 हजार 605 पहुंच चुकी है। उधर अलग-अलग अस्पतालों में 2853 मरीजों का इलाज चल रहा है। इलाज के दौरान संक्रमण से मरने वालों की संख्या 880 हो गई है। शुक्रवार को तीन लोगों की मौत हो चुकी है।