उत्तराखंड। उत्तरकाशी में एक महिला ने अपने पति की हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार, नौगांव ब्लॉक के हिमरौल गांव में महिला ने कुल्हाड़ी से पति की गर्दन पर कई वार किए। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। वहीं पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
बड़कोट के नायब तहसीलदार जगेंद्र चौहान ने बताया कि बताया कि काजल उम्र 21 वर्ष और जसपाल राणा उम्र 22 वर्ष की दो साल पहले लव मैरिज हुई थी। महिला की एक महीने की बेटी भी है। सोमवार देर रात को दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद महिला ने पति की हत्या कर दी।
राजस्व निरीक्षक बृजमोहन आर्य ने बताया की हत्या में प्रयोग कुल्हाड़ी को महिला के घर से करीब 25 मीटर दूर से बरामद कर लिया गया है। महिला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्यवाही की जा रही है। महिला के खिलाफ राजस्व चौकी दारसौं में 302 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। सूचना पर गांव पहुंची पुलिस ने रात को ही महिला को अपनी कस्टडी में ले लिया था।