Hockey Bronze Medal Match : टोक्यो ओलंपिक में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। 41 साल के इस इंतजार को भारतीय पुरुष हाॅकी टीम ने हकीकत में बदल कर आज पूरे देश को सम्मान दिलाया है। भारतीय टीम ने जर्मनी को 5-4 से हराकर 41 साल बाद भारत को पदक दिलाया है। भारतीय टीम द्वारा देश वासियों के लिए ये गौरवान्वित पल लेकर आना वाकई में तारीफे काबिल हैं। इस मौके पर देश के प्रधानमंत्री समेत कई बड़ी-बड़ी हस्तियों ने भारतीय पूरूष हाॅकी टीम को बधाई दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, प्रफुल्लित भारत! प्रेरित भारत! गर्वित भारत! टोक्यो में हॉकी टीम की शानदार जीत पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है। ये नया भारत है, आत्मविश्वास से भरा भारत है। हॉकी टीम को फिर से ढेरों बधाई और शुभकामनाएं।
देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारतीय टीम की जीत पर बधाई देते हुए कहा कि ‘‘ ऐतिहासिक! एक ऐसा दिन जो हर भारतीय की याद में बना रहेगा। कांस्य पदक जीतने के लिए हमारी पुरूष हाॅकी टीम को बधाई। इस उपलब्धि के साथ, उन्होंने पूरे देश, खासकर हमारे युवाओं की कल्पना पर राज कर लिया है। भारत को हाॅकी टीम पर गर्व है।’’ इस तरह से भारतीय पुरूष हाॅकी टीम को आज पूरा देश सलाम कर रहा है। ओलंपिक इतिहास में भारतीय पुरूष हाॅकी टीम का यह तीसरा कांस्य पदक है। इससे पहले उसने 1968 और 1972 में ब्राॅन्ज मेडल जीता था। भारत इससे पहले आठ स्वर्ण और एक रजत पदक जीत चुका है।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने दी बधाई
भारतीय पुरूष हाॅकी टीम ने जर्मनी के खिलाफ 41 साल बाद ओलंपिक में पदक हासिल किया है, जिसे लेकर देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी बधाई देते हुए कहा कि ‘‘हमारी पुरूष हाॅकी टीम को 41 साल बाद हाॅकी में ओलंपिक पदक जीतने के लिए बधाई। टीम ने जीतने के लिए अपना असाधारण कौशल और दृढ़ संकल्प दिखाया। यह ऐतिहासिक जीत हाॅकी में एक नए युग की शुरूआत करेगी और युवाओं को खेल में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
केंद्रीय कानून और न्याय मंत्री किरण रिजिजू ने दी बधाई
भारतीय पुरूष हाॅकी टीम द्वारा 41 साल के इंतजार के बाद पदक अपने नाम करने की खुशी में केंद्रीय कानून और न्याय मंत्री किरण रिजिजू ने ट्वीट करते हुए कहा कि ‘‘41 साल बाद इंतजार…! भारतीय हाॅकी और भारतीय खेलों के लिए एक सुनहरा क्षण! अंत में लंबा इंतजार खत्म हुआ क्योंकि भारत ने #Tokyo2020 पर हाॅकी पुरूष ओलंपिक कांस्य पदक जीतने के लिए जर्मनी को हरा दिया। भारत के लिए जश्न! हमारे हाॅकी खिलाड़ियों को बधाई।’’ टीम के लिए बधाई का यह सिलसिला अभी रूका नहीं है।
केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने दी बधाई
भारतीय पुरूष हाॅकी टीम द्वारा जर्मनी के खिलाफ जीत दर्ज कर पदक अपने नाम करने पर केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने बधाई देते हुए कहा कि ‘‘भारत के राष्ट्रीय ध्वज के लिए अरबों बार चीयर्स! लड़कों, तुमने कर दिया! हम शांत नहीं रह सकते! #TeamIndia! हमारी पुरूष हाॅकी टीम ने आज फिर से ओलंपिक इतिहास की किताबों में अपना दबदबा बनाया और अपने भाग्य को परिभाषित किया है! हमें आप पर बेहद गर्व है!’’
लोक सभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने दी बधाई
17वीं लोक सभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने भारतीय पुरूष हाॅकी टीम को बधाई देते हुए अपने ट्वीट में लिखा है कि #TokyoOlympics2020 में #Hockey में कांस्य पदक जीतने पर कप्तान मनप्रीत सिंह और भारतीय पुरूष हॉकी टीम के सभी खिलाड़ियों को बहुत-बहुत बधाई। करीब 41 वर्ष के #Olympics पदक के इंतज़ार को खत्म कर आपने देशवासियों के दिल जीत लिए हैं। देश को आप पर गर्व है।
भारत ने की ऐतिहासकि जीत दर्ज
टोक्यो ओलंपिक में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने 41 साल बाद कांस्य पदक अपने नाम कर लिया है। जर्मनी के खिलाफ मुकाबले में 1-3 से पिछड़ने के बाद भारतीय टीम ने जोरदार वापसी की और 5-4 से मुकाबला अपने नाम किया। भारत की तरफ से सिमरनजीत सिंह ने दो जबकि रुपिंदर, हार्दिक और हरमनप्रीत ने एक-एक गोल दागे।