जम्मू। जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। कृष्णा घाटी सेक्टर में गश्त के दौरान भारतीय सेना की जाट रेजिमेंट के जवान बारूदी सुरंग की चपेट में आ गए। इस विस्फोट में अग्निवीर ललित कुमार शहीद हो गए, जबकि एक जेसीओ (नायब सूबेदार हरि राम) और हवलदार गजेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद घायल जवानों को एयरलिफ्ट कर उधमपुर स्थित सेना के बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, पुंछ जिले की हवेली तहसील के सलोत्री गांव स्थित विक्टर पोस्ट के पास शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे यह धमाका हुआ। 7 जाट रेजिमेंट के जवान जब अग्रिम चौकी के पास नियमित गश्त कर रहे थे, उसी दौरान वे जमीन में बिछी एक एम-16 लैंड माइन की चपेट में आ गए। विस्फोट इतना तेज था कि अग्निवीर ललित कुमार मौके पर ही शहीद हो गए, जबकि दो अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।
भारतीय सेना एलओसी पर घुसपैठ को रोकने के लिए बारूदी सुरंगें बिछाती है। कई बार मौसम की वजह से ये माइनें अपनी जगह से खिसक जाती हैं और खतरा बन जाती हैं। शुक्रवार को जो विस्फोट हुआ, वह भी ऐसी ही एक माइन के कारण हुआ। हादसे के बाद सेना और स्थानीय प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी गई है।

