मकडाई समाचार हरदा। बेटियों के लिये छोटी बचत योजनाओं को बढ़ावा देने के मकसद से विशेष जमा योजना सुकन्या समृद्धि योजना की शुरूआत की गई। सुकन्या समृद्धि योजना केवल बेटियों के लिए है। सुकन्या समृद्धि योजना का खाता बेटी के जन्म से लेकर 10 वर्ष तक की आयु तक के बीच खुलवाया जा सकता है। जमाकर्ता बेटी नाम से सिर्फ एक ही खाता खोला जा सकता है। माता-पिता या संरक्षकदो बेटियों के अलग-अलग एक खाता खोल सकते है। यदि जुड़वा बेटियां है तो जन्म संबंधी प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना होगा, जिसके बाद तीसरा खाता खोला जा सकता है। योजना अंतर्गत एक वित्तीय वर्ष में इस खाते में न्यूनतम 250 रूपए और अधिकतम 1 लाख 50 हजार रूपए जमा किया जा सकेगा। यह पैसा अकाउंट खुलने के 15 साल तक ही जमा करवाना होगा। बालिका के दस वर्ष तक की आयु होने तक माता-पिता खाते का संचालन कर सकते है,इसके बाद बेटी खुद खाता संचालित कर सकती है। इस योजना अंतर्गत किसी भी पोस्ट ऑफिस ब्रांच में अकाउंट खुलवाया जा सकता है। बालिका द्वारा 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने के पश्चात ही सुकन्या समृद्धि खाते में जमा राशि की केवल 50 फीसदी राशि निकाली जा सकती है। योजना अंतर्गत बेटी का खाता खोलने की तारीख से 21 वर्ष पूरा होने पर ही खाता मेच्योर होगा। बालिका का विवाह यदि 18 वर्ष के बाद या 21 वर्ष से पहले होता है तो शादी की तारीख के बाद खाता बंद कर दिया जाएगा।
आयकर में छूट का लाभ
सुकन्या समृद्धि योजना का खाता देश के किसी भी हिस्से में ट्रांसफर कराया जा सकता है। सुकन्या समृद्धि योजना के तहत खुलने वाले खातों को टैक्स में छूट मिलेगी। इस योजना के तहत खुलने वाले खातों को आयकर कानून की धारा 80 सी के तहत छूट दी जाएगी।
पीपीएफ से ज्यादा ब्याज
सुकन्या समृद्धि योजना में निवेश राशि पर ही पहले टैक्स छूट थी लेकिन इस बजट में इसके ब्याज और परिपक्वता पर मिलने वाली राशि पर भी टैक्स छूट दी गई है। इस मामले में यह पीपीएफ के बराबर हो गया, जिस पर तीन स्तरों पर टैक्स छूट मिलती है। लेकिन ब्याज के मामले में सुकन्या समृद्धि योजना पीपीएफ से ज्यादा आकर्षक है। सुकन्या समृद्धि योजना पर 8.4 फीसदी ब्याज है।
खाता खोलने के लिये आवश्यक दस्तावेज
सुकन्या समृद्धि योजना अंतर्गत खाता खोलने के लिये लड़की के जन्म का प्रमाण-पत्र, माता-पिता का फोटो पहचान पत्र, एड्रेस प्रूफ बच्चे और माता पिता की तस्वीर होना आवश्यक है।
खाता खोलने के लिए सबसे पहले फार्म भरे और उसके साथ सारे दस्तावेजों को जमा करें, फिर फोटों के साथ कम से कम 250 रूपए जमा करें। अकाउंट या खाता खुलने के बाद आप पैसे चेक या डिमांड ड्राफ्ट के द्वारा भी जमा कर सकते है। खाते में न्यूनतम राशि 250 रूपए या अधिकतम राशि 1 लाख 50 हजार वार्षिक जमा की जा सकती है। योजनार्न्तगत खाते की कुल अवधि 21 वर्ष है।

