बालिकाओ ने दिखाई तलवारबाजी के करतब और आकर्षक झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र
हरदा। नगर में सोमवार को वाल्मीकि जयंती पूरे हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाई गई। इस अवसर पर शाम को नगर पालिका परिसर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए अम्बेडकर चौक पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।
बालिकाओं की तलवारबाजी ने बढ़ाया उत्साह, महाबली हनुमान की झांकी ने मोहा मन
शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां, महाबली हनुमान का स्वरूप, ढोल-ताशे और बालिकाओं के हैरतअंगेज करतब आकर्षण का केंद्र रहे। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए अम्बेडकर चौक पहुंची।
शोभायात्रा के दौरान बालिकाओं ने तलवारबाजी का प्रदर्शन कर सभी को रोमांचित कर दिया। करतब देखकर मौजूद लोग उत्सुक नजर आए। उनके करतब शोभायात्रा का प्रमुख आकर्षण बने रहे। वहीं महाबली हनुमान का स्वरूप धारण किए कलाकार भी लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र रहे।
जयंती पर लोगों को दी शिक्षा और स्वच्छता की सीख
उपेंद्र करोसिया ने बताया कि समाज के लोगों ने महर्षि वाल्मीकि की शिक्षाओं पर चलने और सामाजिक एकता बनाए रखने का संकल्प लिया। साथ ही स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने, शिक्षा को प्रोत्साहित करने और बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने का भी संदेश दिया गया।
वाल्मीकि जयंती के अवसर पर निकाली गई शोभायात्रा में बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। धार्मिक, सांस्कृतिक झांकियों के साथ निकली शोभायात्रा में आस्था, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और आकर्षक झांकियों के साथ शोभायात्रा का नगर में जगह-जगह स्वागत किया गया।

