बानापुरा में फिर खुला स्पा सेंटर, नगर में चर्चा तेज अनुमति को लेकर सवाल, नागरिकों ने की जांच की मांग
केके यदुवंशी पत्रकार
सिवनी मालवा।नगर की उपनगरी बानापुरा में एक बार फिर ‘द सुकून’ नाम से स्पा सेंटर खुल गया है। इसके खुलने के बाद नगर में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि इस सेंटर को किस कार्य के लिए और किस विभाग से अनुमति मिली है।
उल्लेखनीय है कि इसके पूर्व भी बानापुरा में इसी तरह का एक स्पा सेंटर खुला था, जिसे मीडिया में खबरें प्रकाशित होने के बाद प्रशासन द्वारा कार्रवाई कर बंद करा दिया गया था। उस दौरान अनैतिक गतिविधियों की शिकायतें सामने आई थीं।अब नए खुले स्पा सेंटर को लेकर भी नगर में चर्चा है। नागरिकों का कहना है कि सिवनी मालवा एक छोटा और धार्मिक प्रवृत्ति का नगर है, यहां इस प्रकार के व्यवसायों से नगर का माहौल बिगड़ सकता है। नागरिकों ने प्रशासन से जांच की मांग की है।
थाना प्रभारी ने कहा – जांच के बाद होगी कार्रवाई
इस संबंध में थाना प्रभारी नवीन पांडे ने बताया कि उनके पास थेरेपी सेंटर के लिए आवेदन आया था, जिस पर थेरेपी सेंटर के लिए ही टीप लगाकर दी गई है। आगे किस विभाग ने किस कार्य की अनुमति दी है, इसकी जानकारी अभी थाने पर नहीं आई है यदि स्पा सेंटर की आड़ में किसी प्रकार के अनैतिक कृत्य की शिकायत मिलती है तो वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

